- इंडस्ट्रियल एरिया के खाली प्लॉट में लगी भीषण आग

- लोहे के पाइपों पर लगे रबर के कवर में लगी आग

Meerut: ब्रह्मपुरी थानाक्षेत्र स्थित एक खाली प्लॉट में रखे लोहे के पाइपों में इतनी भीषण आग लगी कि फायर ब्रिगेड को उसे काबू पाने के लिए चार घंटे का समय लग गया। पाईपों पर रबर व प्लास्टिक का कवर चढ़ा हुआ था। वहां पर रबर व प्लास्टिक का भी काफी सामान था। जिससे आग पर काबू पाने में विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस अब इसकी छानबीन में जुट गई है।

10 फायर टेंडर लगाने पड़े

सरस्वती लोक के पास स्थित साई इंडस्ट्रियल एरिया के एक खाली प्लॉट में सोमवार को भीषण आग लग गई। प्लॉट में काफी संख्या में मोटे लोहे के पाइप रखे थे। उन पर रबर व प्लास्टिक का मोटा कवर चढ़ा हुआ था। आग उन कवर में लग गई। जिसके बाद वहां पर रखे सभी पाईप धूं धूं कर जलने लगे। सूचना पर थाना पुलिस समेत फायर ब्रिगेड की गाडि़यां पहुंच गई। आग इतनी भीषण थी फायर कर्मियों को उस पर काबू करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। विभाग ने एक साथ 10 गाडि़यों को लगा दिया। फिर भी आग बढ़ती ही जा रही थी। फायर कर्मियों ने पानी में फोम मिलाकर आग पर काबू पाया। चार घंटे बाद शाम करीब 6 बजे आग पर काबू पाया जा सका।

कबाडि़यों ने लगाई होगी आग

घटना के समय न तो प्लॉट मालिक आया और न ही जिसका सामान रखा हुआ था। पुलिस छानबीन में जुट गई। बताया जा रहा है कि कबाडि़यों की नजर लोहे के पाइपों पर थी। उन्होंने कवर को हटाने के लिए उसमें आग लगाई होगी जो बाद में भीषण हो गई। प्लॉट में काफी वर्षो से लोहे की पाइपें पड़ीं थीं।

रबर व प्लास्टिक में भीषण आग लगी थी। जिसपर काबू पाने के लिए दूसरा तरीका अपनाया गया। पानी के साथ फोम का भी इस्तेमाल किया गया।

- आईएस सोनी, सीएफओ