- दोनों पक्षों के 8 लोग घायल

- पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों किया गिरफ्तार

Meerut: लिसाड़ी गेट में एक मुर्गी के विवाद को लेकर दो पड़ोसी आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। पथराव भी हुआ। घटना के समय काफी स्थानीय लोग जमा हो गए। वहां पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर थाना पुलिस पहुंची और मामला शांत करने के लिए दोनों पक्षों के लोगों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की तरफ से थाने में तहरीर दी गई है। घटना में दोनों पक्षों के 8 लोग घायल हुए हैं।

पहले खत्म हो गया था विवाद

शमा पत्‍‌नी नीलू रेहान गार्डन में रहती हैं। उनका पड़ोसी है भूरा। मंगलवार घर के बाहर एक मुर्गी घूम रही थी। जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। मौके पर दोनों पक्ष के लोग आ गए और झगड़ने लगे। पड़ोसी भी आ गए। किसी तरह तो विवाद निपट गया। लेकिन उसके कई देर बाद जब शमा पक्ष का शाहरूख दूध लेने जा रहा था तभी भूरा के पक्ष के लोगों ने उसे पीट दिया।

रास्ते में पीटा

इसके बाद दोनों पक्ष के लोग आमने सामने आ गए। दोनों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जमकर मारपीट हुई। यही नहीं उन्होंने आपस में पथराव भी किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद थाना पुलिस पहुंची। दोनों पक्षों के 8 लोगों को थाना उठा लाई। घटना में दोनों पक्षों के भूरा, शाहरूख, जावेद, शाहनवाज, महबूब, नवासिर समेत 8 लोग घायल हो गए। दोनों ने एकदूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।

मामूली बात पर पड़ोसी आपस में लड़ बैठे। दोनों पक्षों से तहरीर लेकर कार्रवाई की जा रही है। 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घायलों को मामूली चोटें आई हैं।

- रवेंद्र सिंह, एसओ, लिसाड़ी गेट