-पड़ोस के व्यक्ति पर पत्नी से अवैध संबंधों का शक करता था युवक

-दोनों के बीच कई बार हो चुकी थी कहासुनी, कर दी हत्या

Janikhurd: थाना क्षेत्र के कलंजरी गांव में एक युवक ने अपनी पत्‍‌नी से अवैध संबंधो के शक को लेकर गांव निवासी एक व्यक्ति को चाकुओं से गोद-गोद कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। अस्पताल में उपचार के दौरान घायल व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने स्वयं ही थाने पहुंचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। घटना की रिपोर्ट मृतक के भाई ने चार लोगों के खिलाफ दर्ज करवायी है।

अवैध संबंधों का था शक

पुलिस के अनुसार कलंजरी गांव निवासी ईश्वर दयाल पड़ोस में रहने वाले 40 वर्षीय ओमबीर पर उसकी पत्‍‌नी से अवैध संबंध होने का शक करता था। पत्‍‌नी से अवैध संबंधो के शक को लेकर ईश्वर दयाल का ओमबीर से कई बार विवाद भी हो चुका है। शनिवार की रात भी ईश्वर दयाल का ओमबीर से इस बात को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसके बाद से ईश्वर दयाल ओमबीर को मारने के लिए अवसर की तलाश में लग गया। रविवार सुबह करीब दस बजे ओमबीर अपने घर से शौच के लिए जंगल जा रहा था। इस दौरान पहले से घात लगाये बैठे ईश्वर दयाल ने ओमबीर के ऊपर हमला बोल दिया। मारपीट करते हुए ईश्वर दयाल ने ओमबीर के ऊपर चाकुओं से हमला कर दिया। ओमबीर के ऊपर चाकुओं से हमला होता देखा परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ओमबीर को गंभीर हालत में घायल करने के बाद ईश्वर दयाल मौके से फरार हो गया।

पुलिस के सामने कबूला जुर्म

मौके पर मौजूद परिजनों ने ग्रामीणों की सहायता से गंभीर रूप से घायल हुए ओमबीर को उपचार के लिए मेरठ स्थित अस्पताल में भर्ती करवाया। लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान ओमबीर की मौत हो गई। चाकुओं से गोदकर एक व्यक्ति की हत्या किये जाने की सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ईश्वर दयाल ने स्वयं थाने आकर ओमबीर की हत्या करना कबूल कर लिया है। घटना की रिपोर्ट मृतक के भाई रामबीर ने ईश्वर दयाल, रामेश्वर दयाल, जोगिन्द्र और लता के खिलाफ दर्ज करवायी है। जानी थाना के कार्यवाहक प्रभारी एपी सिंह राघव ने बताया कि आरोपी ईश्वर दयाल ने स्वयं थाने आकर अपना गुनाह कबूल कर लिया है। मृतक के भाई द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।