-फलावदा रोड स्थित जोहड़ पर अतिक्रमण से मार्ग पर रहता है

जलभराव

-क्षेत्रवासियों ने चेयपर्सन के आवास पर पहुंचकर किया हंगामा

Mawana: कस्बा स्थित फलावदा रोड पर जलभराव की समस्या से क्षुब्ध क्षेत्रवासियों ने रविवार को चेयरपर्सन आवास पर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने पालिकाध्यक्ष पति का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान दोनों ओर से खूब नोकझोंक भी हुई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। जल्द समस्या के समाधान के आश्वासन पर लोग वापस लौट गए।

बरसात जैसे हालात

ये हैं हालात नगर की फलावदा रोड स्थित जोहड़ पर अवैध कब्जा है। पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। जोहड़ का पानी ओवरफ्लो होने के कारण मुख्य मार्ग व जोहड़ किनारे स्थित मंदिर जाने वाले रास्ते में भरा हुआ है। कई माह से जलभराव होने के कारण मार्ग बदहाल है। जोहड़ का गंदा पानी भरा होने के कारण श्रद्धालुओं को भी मंदिर में आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य मार्ग पर जलभराव से राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि अभी खास बारिश नही हुई है तब यह हालात है तो बरसात आने पर तो स्थिति बद से बदतर हो जाएगी।

फैलने लगी बीमारी

कई माह से जोहड़ व नाली का गंदा पानी भरा होने से लोगों को भारी दिक्कत उठानी पड़ रही है। गंदगी से संक्रामक रोग फैलने का खतरा बना हुआ है औरच्मच्छर पनप रहे हैं। कॉलोनी वासियों के अलावा व्यापारी भी उक्त समस्या से परेशान है। उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है।

टूटा सब्र का बांध

रविवार को समस्या से क्षुब्ध दर्जनों लोग चेयरपर्सन आवास पर पहुंचे और हंगामा किया, लेकिन कर्मचारियों ने बाहर रोक दिया। हंगामे की आवाज सुनकर चेयरपर्सन पति पूर्व चेयरमैन डॉ। नरेश चंद्रा र्निसंग होम से बाहर आए, जहां क्षुब्ध भीड़ ने उन्हें घेर लिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। ल़ोगों का कहना था कि उक्त समस्या को लेकर कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन समाधान नही हुआ है। चेयरपर्सन पति ने लोगों द्वारा र्निसंग होम में घुसने के प्रयास पर नाराजगी व्यक्त की। इस पर गुस्साई महिलाओं की उनसे नोकझोंक हुई। शीघ्र समस्या के समाधान के आश्वासन पर लोग शांत होकर लौट गए।

नलकूल लगवाकर पानी निकलवाया जा रहा है। जोहड़ पर अतिक्रमण है। जिस कारण जलभराव की समस्या है। अवैध कब्जा हटवाकर शीघ्र समस्या से छुटकारा दिलाया जाएगा।

-डॉ.नीरा चंद्रा चेयरपर्सन, नगर पालिका मवाना