Meerut। शहर में चारों ओर अराजकता का नाच हो रहा था। कहीं पथराव हो रहा था तो कहीं आगजनी। जरूरी काम से सड़कों पर आए लोग अब घर वापस लौटने को बेताब थे, लेकिन सड़कों पर पसरा खौफ उनका रास्ता रोक रहा था। अपना बचाव करना हर किसी की प्राथमिकता थी। सड़क पर जाम मिला तो खेतों से रास्ता निकाला गया। साधन न मिलने पर लोग पैदल ही मंजिल की ओर बढ़ गए। अगर कहीं उपद्रवियों ने उन्हें रोका तो वे चुपचाप दूसरे रास्ते पर बढ़ गए। पुलिस के मोर्चा संभालने पर दोपहर बाद उपद्रव में कुछ कमी आई, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।