कंसल्टेंट कंपनी मेरठ आ रही है मेरठ

चुनौती

- पानी की व्यवस्था करने में निगम के छूट रहे पसीने

- शनिवार को आ रही है स्मार्ट सिटी के लिए कंसल्टेंट कंपनी

Meerut। मेरठ को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए हर तरफ शोरगुल हो रहा है, लेकिन मानक पूरा करने के लिए कोई प्रयास नहीं कर रहा है। बिना मानक पूरा किए स्मार्ट सिटी कैसे बनेगा। गंदगी और पानी की व्यवस्था करने में नगर निगम के पसीने छूट रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ शनिवार को स्मार्ट सिटी के लिए कंसल्टेंट कंपनी मेरठ आ रही है।

शहर को साफ करना बड़ी चुनौती

नगर निगम के लिए शहर को साफ करना बहुत बड़ी चुनौती है। सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने में नगर निगम के अधिकारियों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। सबसे ज्यादा शिकायत गंदगी और पानी को लेकर आती हैं, लेकिन व्यवस्था ठीक नहीं हो रही है। ऐसे में स्मार्ट सिटी के लिए किए जा रहे दावे को हकीकत में कैसे बदला जाएगा।

पानी देना बना मुसीबत

नगर निगम में शहरवासियों को पानी उपलब्ध कराना मुसीबत बन गया है। गर्मी अधिक पड़ रही है। ऐसे में पानी की खपत बढ़ गई है। निगम के पास हैंडपंप को ठीक करने के लिए सबसे ज्यादा शिकायतें आ रही हैं। नगर आयुक्त अधिकारियों को फटकार भी लगा रहे हैं। लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

नहीं है कार्रवाई का डर

सफाईकर्मी और जलकल विभाग के अधिकारियों पर काम न करने पर नगर आयुक्त द्वारा कार्रवाई की जा रही है। बावजूद इसके अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों पर इसका कोई असर नहीं हो रहा है।

स्मार्ट सिटी के लिए काम किया जा रहा है। जो भी कमी है उसको हर हाल में समय से पहले पूरा किया जाएगा। अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अपनी जिम्मेदारी को ठीक से निभाएं नहीं तो कार्रवाई की जाएगी।

हरिकांत अहलूवालिया, महापौर