-वार्डो में दुबके रहे मरीज, सड़क पर रहा सन्नाटा

Meerut: आर्मी अस्पताल में तेंदुआ घुसने के बाद अस्पताल में मरीज खौफ के साए में रहे। महिला वार्ड से लेकर बच्चा वार्ड तक सभी के खिड़की दरवाजे सील कर दिए गए। इसके अलावा कैंट की सड़कों पर भी सन्नाटा देखने को मिला। हां अस्पताल प्रशासन व फॉरेस्ट टीम जरूर दिनभर इधर-उधर दौड़ती नजर आई।

दुबके रहे मरीज

तेंदुआ अस्पताल के सी ब्लॉक में घुसा था, लेकिन पूरे अस्पताल में मरीज कमरों में दुबकते नजर आए। कुछ मरीज तो बिना दवाई लिए गेट से ही खबर सुनकर वापस अपने घर लौट गए। इसके अलावा सैन्य अफसर मिडिया के सवालों से कन्नी काटते नजर आए।

लगा रहा आवागमन

आर्मी अस्पताल में तेंदुआ छिपे होने की खबर शहर में आग की तरह फैल गई। दिनभर पुलिस प्रशासन व फॉरेस्ट टीम के अधिकारी व कर्मचारियों का आवागमन लगा रहा। सैन्य अफसरों ने पूरे अस्पताल को चारों और से सील करा दिया था। जिसके चलते 500 बेड का अस्पताल होने के बावजूद भी सन्नाटा पसरा रहा।