मेरठ (ब्यूरो)। साईंपुरम एक ऐसा इंडस्ट्रियल एरिया है, जो करीब 29 साल पहले कुछ उद्योगपतियों ने मिलकर शुरू किया था। हालांकि बाद में प्रशासन ने इस क्षेत्र को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में मान्यता भी दे दी। मगर जो सुविधाएं एक इंडस्ट्रियल एरिया को मिलनी चाहिए, उनमें से एक भी नहीं मिली। नहीं समझेचलिए बता देता हूं। साईंपुरम इंडस्ट्रियल एरिया में पैदल चलने के लिए कई गलियां हैैं लेकिन सड़क नहीं है। यहां जल निकासी के लिए सीवर लाइन, कूड़ा कलेक्शन, स्ट्रीट लाइट जैसी बेसिक सुविधाओं को भी उद्यमी तरस रहे हैैं।

29 साल में अधूरा विकास
1994 में साईंपुरम में इंडस्ट्रीयल एरिया को कुछ उद्योगपतियों ने अपने स्तर पर विकसित किया था। अब दिल्ली रोड से महज 200 मीटर अंदर स्थित साईंपुरम इंडस्ट्रियल एरिया शहर का प्रमुख इंडस्ट्रियल एरिया बन चुका है। लेकिन नगर निगम और एमडीए के अंडर में आने के बाद भी इस इंडस्ट्रीयल एरिया को सुविधा देने से दोनों ही विभाग कतरा रहे हैं। इसके चलते 29 साल बाद भी आज पूरे इंडस्ट्रियल एरिया के अंदर चलने लायक एक सड़क तक नहीं है। इतना ही नहीं, इंडस्ट्री का कूड़ा एकत्र करने के लिए भी यहां नगर निगम द्वारा कोई इंतजाम नहीं किए गए हैैं। जिसके चलते यहां रेलवे लाइन ही इंंडस्ट्रीयल एरिया का कूड़ा स्थल बना हुआ है।

सड़क मेन रोड तक
गत वर्ष दिल्ली रोड को नूर नगर से जोडऩे वाली मेन रोड की रिपेयरिंग का काम नगर निगम द्वारा शुरू तो कराया गया लेकिन अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। इससे साईंपुरम इंडस्ट्रियल एरिया में जाने वाले वाहनों को कुछ राहत तो मिली। लेकिन सड़क केवल बाहर मेन रोड तक सीमित है। साईंपुरम के अंदर नौ गलियों में सड़क निर्माण नहीं किया गया है।

बरसात में बुरा हाल
साईंपुरम इंडस्ट्रियल एरिया में बरसात के सीजन में सबसे बुरी स्थिति बनती है। यहां जल निकासी के लिए नालियों और सीवर लाइन की व्यवस्था ना होने के कारण बरसात में गलियों में दो-दो फुट तक पानी भर जाता है। कीचड़, गारे के कारण छोटे वाहन इस इंडस्ट्रियल एरिया में एंट्री तक नहीं कर पाते हैं।

फैक्ट्स एक नजर में
1994 में साईंपुरम में बनाया गया इंडस्ट्रियल एरिया
107 इंडस्ट्रीज का हो रहा संचालन
20 प्लॉट इंडस्ट्रीज के लिए अभी भी खाली
सबसे अधिक स्पोटर्स गुड्स इंडस्ट्रीज

यह हैं समस्याएं
पूरे इंडस्ट्रियल एरिया में कच्ची सड़कें
पूरे क्षेत्र में जल निकासी के लिए नालियों की कमी
सीवर लाइन का अभाव
स्ट्रीट लाइट तक की सुविधा नहीं
कूड़ा स्थल और कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था नहीं
सिक्योरिटी के लिए पुलिस चौकी तक की व्यवस्था नहीं

साईंपुरम इंडस्ट्रियल एरिया की सड़क पिछले कई सालों से खराब हैं। बरसात में यहां पैदल चलना तक दूभर हो जाता है। कम से कम इंडस्ट्रियल एरिया में सड़कों की हालत तो सही होनी ही चाहिए।
गौरव राजपूत

कई सालों से हम साईंपुरम में सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। लेकिन यहां केवल मेन रोड तक ही सड़क की सुविधा मिलती है। इंडस्ट्रियल एरिया के अंदर गलियों में स्थिति बद से बदतर हो चुकी है।
अजय सहगल

इंडस्ट्रियल एरिया में बिजली, पानी, सफाई, सीवर लाइन, जल निकासी जैसी बेसिक सुविधाओं का अभाव है। हम जनप्रतिनिधियों और आला अधिकारियों से कई बार बेसिक सुविधाओं की मांग कर चुके हैं।
चरणजीत भटिया

साईंपुरम इंडस्ट्रियल एरिया के नूर नगर में सड़क निर्माण जारी है साथ में नाला निर्माण भी किया जा रहा है। इसके बाद इंडस्ट्रियल एरिया की अन्य सड़कों का बजट के अनुसार निर्माण किया जाएगा।
प्रमोद कुमार, अपर नगर आयुक्त