Meerut। लालकुर्ती थाना पुलिस और साइबर सेल को गुरुवार को बड़ी सफलता मिली। स्टार प्लाजा में ऐसा फर्जी मैरिज ब्यूरो चलता मिला, जिसमें स्टाफ की लड़कियों को ही दुल्हन बताकर ठगी की जा रही थी। 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कैसे खुला केस
राजस्थान के रहने वाले पूरण सिंह पूडि़या ने एसएसपी से फर्जीवाड़े की शिकायत की।
क्या हुई कार्रवाई
साइबर सेल ने लालकुर्ती पुलिस की मदद से दोपहर एक बजे छापा मारकर आठ युवती और दो युवकों को पकड़ा। उन्हें महिला थाने लाया गया। ठगी का केस दर्ज।
कौन बने शिकार
मेरठ, मुंबई, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड आदि के लोग।
कैसे होती थी ठगी
गिरोह की मास्टरमाइंड भारती नाम की युवती थी। वह शादी (एसएचएडीईई).कॉम के नाम से ब्यूरो का विज्ञापन विभिन्न प्रदेशों में देते थे। कॉल आने पर लोगों का अपनी वेबसाइट पर फ्री रजिस्ट्रेशन करते थे। फिर वॉट्सएप पर स्टाफ की लड़कियों के फोटो भेजे जाते थे। पसंद आने पर लड़की दिखाने से पहले अकाउंट में 10-20 हजार रुपये जमा करा लिए जाते थे। पैसे जमा होने पर लड़की दिखाने की बात की जाती, तो पीडि़त को दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देकर भगा दिया जाता था।
क्या पता चला
साइबर सेल के इंस्पेक्टर परविंदर सिंह ने बताया कि ये लोग हर महीने अपना ऑफिस बदल लेते थे। इससे पहले इनका ऑफिस मंगलपांडे नगर, शास्त्री नगर, सदर बाजार, आबूलेन समेत कई स्थानों पर था। ऑफिस में 10 से ज्यादा युवतियां काम करती थीं। इनके कब्जे से 21 मोबाइल और कुछ रजिस्टर मिले हैं।