मेरठ (ब्यूरो)। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को मेरठ कैंट प्रत्याशी अमित अग्रवाल के प्रचार के लिए होटल डिरोज में आयोजित मतदाता संवाद में पहुंची थी। मतदान संवाद शहर के लोगों को संबोधित करते हुए अपने भाषण की शुरुआत में ही सपा के खिलाफ नाराजगी जता दी। भाषण की शुरुआत में ही केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं बहुत स्तब्ध हूं कि जिस मेरठ की धरती ने पांडवों का शौर्य देखा। आजादी की ज्वाला जलाई, वहां पर एक सपा नेता ने हमारे मंत्री को धमकी देते हुए यह कह दिया कि हमारी सरकार आने दो हम एक-एक को देख लेंगे। सपा के नेता जनता को धमका रहा है। उन्होंने सपा नेता द्वारा देख लेने की धमकी वाले वीडियो पर कहा कि अब जनता उसे देख लेगी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि जिस दल ने 38 से ज्यादा अपराधियों को टिकट दिया। इसके बाद प्रदेश में महिला और समाज सुरक्षा की क्या उम्मीद की जा सकती है। अखिलेश ये भूल गए हैैं कि उनकी सरकार अपराध की वजह से ही गई थी।

अब मंदिर-मंदिर भटक रहे
स्मृति ईरानी ने कहा कि आजकल कई लोगों के सपने में भगवान कृष्ण आ रहे हैं। ऐसे लोग कल तक रामराज के खिलाफ थे। राम के असितित्व को नकारते थे। अब मंदिर-मंदिर जाकर गुहार लगा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सपा ने हमेशा खौफ पर आधारित राजनीति की है। उनके पिता कहते हैं कि लड़कों से गलती हो जाती है, जो बेहद गंभीर है। सपा याद रखे कि सजा जनता देगी।

महिला सुरक्षा पर सवाल
केंद्रीय मंत्री ने अपने भाषण में केवल सपा को केंद्र बनाते हुए अपराध मुक्त सरकार को वोट देने की अपील की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने अखिलेश यादव के पिता पर तंज कसते हुए कहा कि उनके पिता भी कहते हैं कि लड़कों से गलती हो जाती है। सपा की राजनीति खौफ पर ही चलती रही है। उनके कार्यकाल में महिलाओं की अस्मत से खिलावाड़ आम सी बात था। आज युवतियां बेखौफ सड़कों पर उतर सकती है क्योंकि अपराधियों की जगह भाजपा में सिर्फ जेल है। उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों की तरफ भी इशारा करते हुए कहा कि यह वही धरती है, जहां बहनों की लाज बचाने के लिए भाई मारे गए थे। उन्होंने मतदाताओं से पूछा कि क्या आप जवान बेटे की लाश उठाने का पाप करेंगे। ऐसे में आगाह किया कि गलत वोट पड़ा तो हम सबको पाप लगेगा। उन्होंने कहा कि सपा याद रखे कि सजा जनता देगी। जो अब तक रामराज के खिलाफ थे। राम के अस्तित्व को नकारते थे आज वो मंदिर जाकर गुहार लगा रहे हैं।

राहुल पर कसा तंज
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी पर भी तंज कसते हुए कहा कि जो देश मे कम और विदेश में ज्यादा रहते हैं, वो जनता का क्या काम करेंगे। उनके नेता कभी घर से बाहर नहीं निकले। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान कांग्रेस सरकार होती तो क्या हश्र होता। जितना परीक्षा अमित अग्रवाल की, उतनी ही आपकी भी इसलिए महिला संरक्षण के लिए भाजपा को वोट दें। बुलडोजर चलवाने के लिए भी वोट दीजिये। हर जिले में मेडिकल कॉलेज खुले बेटियां सांझ ढले घर आएं, उसके लिए वोट दें। लक्ष्मी किसी के घर जाएगी तो कमल पर बैठकर ही जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने देशभर में 80 करोड़ को अनाज दिया।