-पत्नी ने महिला और उसकी मां के साथ तहसीलदार को पकड़ा, काटा हंगामा

-विवाद थाने पहुंचा तो कड़ी मशक्कत के बाद परिवार का मामला होने पर हुआ समझौता

Meerut : दुनिया को नसीहत दे रहे साहब शुक्रवार को 'गलत काम' करते पकड़ गए। तहसीलदार न्यायिक सदर को उनकी पत्‍‌नी ने बेगमपुल से प्रेमिका को शॉपिंग कराते पकड़ लिया। रजबन चौराहे पर रंगेहाथ पकड़ में आने पर तहसीलदार की हालत खराब हो गई तो वहीं पत्नी ने जमकर हंगामा काटा। भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस तीनों को थाने ले गई, जहां पर पत्‍‌नी और तहसीलदार में जमकर आरोप-प्रत्यारोपलगाए गए। पुलिस के हस्तक्षेप करने के बाद मामला परिवारिक होने के कारण समझौता करा दिया।

सड़क पर हाई वोल्टेज हंगामा

बाकया कुछ यूं था कि तहसीलदार न्यायिक सदर महेंद्र बहादुर देहलीगेट तहसील परिसर में रहते हैं। 19 वर्ष पहले महेंद्र बहादुर की शादी शालिनी से हुई थी। दंपती में पिछले कई वर्षो से विवाद चला आ रहा है बाद इसके दोनों एक ही क्वार्टर में साथ-साथ रहते है। शालिनी का आरोप है कि महेंद्र के संबंध किसी दूसरी महिला से हो गए, जिससे वह अक्सर दूरियां बनाकर रहता है। पुलिस के मुताबिक, महेंद्र बहादुर अपनी कार में सकौती की रहने वाली एकता और उसकी मां सावित्री को लेकर आबूलेन से शॉपिंग कराकर लौट रहे थे। तभी शालिनी अपने रिश्ते के भाईयों के साथ कार में सवार होकर मौके पर पहुंच गई। रजबन चौराहे पर शालिनी ने महेंद्र और उनके साथ घूम रही मां-बेटी को पकड़ लिया। शालिनी ने प्रेमिका एकता के साथ खींचतान शुरू कर दी। बाद में तहसीलदार से बीच सड़क पर शालिनी ने अभद्रता करनी शुरू कर दी, जिसे लेकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पहुंची पुलिस, हुआ समझौता

सूचना के बाद थाना सदर के इंस्पेक्टर गजेंद्र पाल यादव मौके पर पहुंच गए। पुलिस की टीम तहसीलदार महेंद्र, उनकी पत्‍‌नी शालिनी और प्रेमिका एकता और उसकी मां सावित्री को साथ लेकर थाने चली आई। थाने पर शालिनी ने पुलिस को तहसीलदार की करतूत से अवगत कराया। दोनों पक्षों में थाने के अंदर ही हंगामा होने लगा। पुलिस ने हस्तक्षेप कर तहसीलदार की पत्‍‌नी को शांत किया। उसके बाद एकता और उसकी मां को वापस भेज दिया गया। शालिनी और तहसीलदार में घंटों कहासुनी होती रही। बाद में पुलिस हस्तक्षेप के बाद बिना लिखा पढ़ी कराए, दोनों थाने से घर लौट गए।

रजबन चौराहे पर तहसीलदार महेंद्र की गाड़ी में एकता और उसकी मां सावित्री घूम रही थी। तभी तहसीलदार की पत्‍‌नी शालिनी ने पहुंचकर हंगामा कर दिया। दोनों पक्षों को थाने लाया गया, जहां पर एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप के बाद दोनों पक्ष बिना कार्रवाई किए थाने से एक साथ चले गए।

गजेंद्र पाल यादव, इंस्पेक्टर सदर बाजार