- परिजनों ने दामाद और उसके दोस्तों पर लगाया आरोप

- नूर नगर हाल्ट के पास लिसाड़ी गेट क्षेत्र में मिला शव

Meerut : लिसाड़ी गेट क्षेत्र में महिला की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। शव को नूरनगर हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। परिजनों ने दामाद और उसके दोस्तों पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।

पांच साल पहले किया था निकाह

लिसाड़ी गेट की शौकीन गार्डन कालोनी निवासी रियासत ने अपनी बेटी शाइना का निकाह पांच साल पूर्व घंटाघर पर केले वाले गली निवासी राशिद से किया था। शाइना के एक बेटा व बेटी है। शाइना के परिजनों का आरोप है कि पिछले काफी समय से शाइना पर उसका पति दोस्तों से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि पति शाइना को देह व्यापार में ढकेलना चाहता था। शाइना ने इनकार किया तो पति ने दो माह पूर्व मौखिक रूप में तलाक दे दिया। इसके बाद से शाइना अपनी बेटी अलिशा के साथ मायके में रह रही थी।

नूरनगर हाल्ट पर घायल मिला शाइना

परिजनों का आरोप है कि शाइना सोमवार रात करीब आठ बजे दुकान पर सामान लेने गई थी। इसके बाद से उसका सुराग नहीं लगा। मंगलवार सुबह नौ बजे नूरनगर हाल्ट के पास शाइना घायल हालत में पड़ी मिली। पहचान होने पर शाइना को अस्पताल लाया गया, जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिजनों ने दामाद पर बेटी को अगवा करने, सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शरीर पर थे नोंचने के निशान

मृतका के हाथ और शरीर पर कुछ निशान बने हुए थे। ऐसा लग रहा था कि किसी ने नाखून से नोंचा हो। हाथ और पैरों पर ऐसे निशान थे, जैसे रस्सी से बांधा गया था। इसके अलावा उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। पति के मौखिक तलाक देने से कुछ समय पूर्व ही शाइना ने पति और उसके पांच दोस्तों के खिलाफ तहरीर दी थी। आरोपियों में से एक सपा कार्यकर्ता भी बताया जा रहा है। तहरीर में देह व्यापार के लिए दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

महिला गृह क्लेश के चलते नूर नगर रेलवे क्रॉसिंग पर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से हत्या की तहरीर मिली है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रवेन्द्र सिंह यादव, एसओ, थाना लिसाड़ी गेट