कमिश्नर ने जनपद में गतिमान विकास परियोजनाओं की समीक्षा की

वाराणसी में 8868.19 करोड़ रुपए की 118 परियोजनाओं पर चल रहा काम

वाराणसी में मौजूदा समय में 8868.19 करोड़ रुपए की 118 प्रमुख परियोजनाओं पर काम चल रहा है। हालांकि इसमें 218 करोड़ रुपए की तीन परियोजनाएं गत जुलाई माह में पूर्ण हो चुकी हैं। इस महीने अगस्त में 1270.47 करोड़ रुपए की 20 प्रमुख परियोजनाएं पूर्ण हो जाएंगी। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने क्रियान्वित सभी परियोजनाओं की समीक्षा की, जिसे समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

कार्यो की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी जरूरी

आयुक्त सभागार में सोमवार को कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने गतिमान प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को कड़े शब्दों में सचेत किया कि हर हाल में निर्धारित समय से परियोजना पूर्ण होने चाहिए, नहीं तो जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने एक-एक परियोजनाओं के प्रगति का स्तर पूछा और कहा कि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर पर्यवेक्षण करें और यदि कहीं बजट रिलीज का मामला हो तो उनके स्तर से उच्च स्तर पर पत्राचार कराएं। जहां जरूरी हो निर्माण के लिए मेन पावर बढ़ाए। कार्यो की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी करें। सुरक्षा मानकों का पूर्ण तरह पालन करें। गतिमान परियोजनाओं में सितंबर से दिसंबर, 2021 तक 50 से अधिक परियोजनाएं पूर्ण हो जाएंगी।

लीकेज, जलभराव, सीवर की समस्या दूर करें

कमिश्नर ने शहर में सड़कों पर जलजमाव की समस्या पर नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, जलनिगम व जलकल के अधिकारी संयुक्त रूप से प्रमुख सड़कों का सर्वे कर लें और जहां-जहां लीकेज, जल भराव, सीवर ओवरफ्लो व गड्ढा आदि हो उन्हें चिन्हित कर उसके निराकरण की रूपरेखा बनाकर तत्काल मरम्मत कराएं। शहर की समस्त प्रमुख सड़कें अच्छी दशा में रहे। क्योंकि यहां देश-दुनिया से पर्यटक आते हैं। भोजुबीर-सिंधोरा मार्ग पर कुछ मीटर में जलजमाव की समस्या को पीडब्ल्यूडी, जलकल, जलनिगम व नगर निगम मिलकर निराकरण का पता लगाकर एक सप्ताह में तात्कालिक समाधान करें।

कमिश्नर ने गहरी नाराजगी जताई

गतिमान परियोजनाओं की समीक्षा में कुछ परियोजनाओं में पूर्व से निर्धारित कार्य पूर्ण होने की अवधि में विलंब होने पर कमिश्नर ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कार्यदाई संस्था के उच्च स्तर शासन को संबंधित अधिकारी/अभियंता की जिम्मेदारी तय कर कार्यवाही के लिए पत्र भेजने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कड़ाई के साथ आगाह किया कि कार्य पूर्ण में विलंब पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही होगी और कोई ढिलाई स्वीकार नहीं होगी।