-सिगरा स्टेडियम में तैयार होगा कुश्ती का सेंटर

अब वो दौर आने वाला है जब लड़कियां भी राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती में गोल्ड मेडल लाकर देश का नाम रोशन करेंगी। यह सब संभव होगा स्पो‌र्ट्स अथॉरिटी आफ इंडिया (साई) के प्रयास से। साई की ओर से प्रदेश भर के सभी जिलों में एक-एक खेल का आवंटन किया गया है। खेलों में पदक लाने के लिए एक जिला-एक खेल योजना के तहत वाराणसी जिले को कुश्ती का आवंटन हुआ है। इसके तहत सिगरा स्टेडियम में कुश्ती का सेंटर तैयार होगा। यहां महिला और पुरुप पहलवानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार किया जाएगा। सिगरा स्थित डॉ। संपूर्णानंद स्पो‌र्ट्स स्टेडियम में साई की ओर से सेंटर स्थापित कर सालाना पांच लाख रुपये आवंटित किया जाएगा। इसमें दो लाख रुपये से उपकरण खरीदे जाएंगे।

इसके साथ ही यहां अस्थायी तौर पर 12 महीने के लिए कोच रखा जाएगा। कोच को भी इसी धनराशि से 25-25 हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा। अन्य धनराशि भी सेंटर संचालन के लिए ही खर्च की जानी है। अस्थायी कोच राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी होगा। क्षेत्रीय खेल अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि खिलाडि़यों की संख्या व उम्र का निर्धारण बाकी है। मंडल के चंदौली को भी कुश्ती खेल आवंटित हुआ है। यहां कोई भी खेल मैदान नहीं है। ऐसे में वहां पर राजकीय इंटर कालेज के मैदान में ही सेंटर संचालित किया जाएगा।