-इस साल का सबसे गर्म दिन रहा मंगलवार, 44.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया तापमान

-धूप और लू से झुलस गये लोग, गर्मी का मार्केट में भी दिख रहा असर

VARANASI

तूफान आने की आशंकाओं व अफवाहों के बीच मंगलवार इस साल का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। अधिकतम तापमान 44 के पार चला गया। पारे के इस चढ़ान ने लोगों को झुलसा दिया। मौसम विभाग ने 24 घंटे में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो एक दिन पहले की अपेक्षा 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक था। हालांकि न्यूनतम तापमान में एक दिन पहले की अपेक्षा .8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी। यह 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

धूप ने सड़कों को किया सूना

चिलचिलाती धूप व गरम हवा के थपेड़ों ने लोगों को पस्त कर दिया। सुबह से बह रही लू और उस पर से सूरज की तल्खी कुछ इस कदर हावी रही कि लोगों ने खुद को घरों में कैद कर लेने में ही भलाई समझी। बाजार भी बेजार से दिखे। दोपहर में तो सड़कें सूनी हो गयीं। मजबूरी में जो लोग सड़कों पर निकले वे भी समय मिलने पर छांव की तलाश करते रहे। धूप के चलते लोगों का हलक दिन भर सूखता रहा।

गरम हवा की है गरमी

मौसम विज्ञानी प्रो। एसएन पाण्डेय बताते हैं कि पश्चिम से आ रही हवाएं बनारस को गर्म कर रही हैं। बताया कि पछुआ हवा के चलने से मौसम में तल्खी बढ़ी है। गर्म हवाओं के चलते तापमान बढ़ रहा है। अगर यही हाल रहा तो टेम्प्रेचर अभी और बढ़ेगा। पंजाब, हरियाणा, पश्चिम यूपी होते हुए गर्म हवाएं पूर्वाचल पहुंच रही हैं। कहा कि वातावरण में पछुवा गर्म हवा नीचे से ऊपर तक बह रही है। अब पुरवा के चलने तक ऐसा ही मौसम रहेगा।

स्कूली बच्चों की फजीहत

सुबह से ही गर्म हवाएं चलने लगी थीं। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। गर्म हवा के छपेड़ों ने उन्हें झुलसा दिया। हालांकि स्कूलों में सुबह 11 बजे तक ही छुट्टी करने का आदेश है लेकिन इसके पहले से ही चिलचिलाती धूप व गर्म हवा चलने लग जा रही है। ऐसे में अभिभावकों ने प्रशासन से स्कूलों क बंद करने की मांग की है।

बॉक्स

पारे की चाल डिग्री सेल्सियस में

अधिकतम न्यूनतम

8 मई 44.4 26.3

7 मई 43.6 26.4

6 मई 39.2 25.6

5 मई 39 23

4 मई 36 21.2

3 मई 36 24.2