-सुबह खिली थी धूप, दोपहर बाद बादलों ने डाला घेरा

टपकी बूदों ने कराया ठंड का एहसास, दो दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम

> varanasi@inext.co.in

VARANASI

मौसम का बदला मिजाज बुधवार को नजर आया। पहाडों पर बर्फबारी का असर बनारस में दिखायी दिया। सुबह तो आसमान एकदम साफ था लेकिन दोपहर बाद से बादलों की जुटान हो गयी। जमीन पर बूंदे भी टपकाया। बूंदाबांदी देर शाम तक चलती रही। बादलों की घेरेबंदी का आलम यह रहा कि शाम पांच बजते-बजते अंधेरा छा गया। बरसती बूंदों से मौसम ठंडक का एहसास देने लगा। शहर में लोगों को उड़ती धूल से राहत मिली।

किसानों की बढ़ी चिंता

ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में धान की फसल खड़ी है तो कुछ किसानों ने उसकी कटाई कर सिवान में ही छोड़ दिया है। ऐसे में बारिश की बूंदें उन्हें नुकसान पहुंचा सकती हैं। धान की फली काली पड़ने की आशंका है। बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो। एसएन पांडेय का कहना है कि दो दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने वाला है। यह वेस्टर्न डिस्टर्बेस का पहला झटका है। उत्तर भारत में बर्फबारी व बारिश के चलते ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों का रुख कर चुकी हैं।