ठोस कचरा प्रबंधन के लिए नगर निगम ने उठाया कदम

जनवरी के अंत तक सभी संसाधनों की खरीद हो जाएगी

प्वाइंटर :::

07

साल के लिए पूरे शहर में घर-घर कचरा उठान के लिए एजी इनवायरो से करार

90

वार्ड में घर-घर कचरा उठान से लेकर प्लांट तक पहुंचाने का कार्य कंपनी करेगी

पीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट स्वच्छ भारत, क्लीन बनारस के लिए नगर निगम प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। सात साल के लिए पूरे शहर में घर-घर कचरा उठान के लिए निजी कंपनी एजी इनवायरो से करार किया गया है, हालांकि कंपनी को संसाधन मुहैया निगम ही कराएगा। संसाधनों की खरीद के लिए प्रस्ताव भी तैयार किया है, जिसमें 32 करोड़ संसाधनों के लिए प्रस्तावित है। निगम के बेड़े में संसाधन आने के बाद शहरी क्षेत्र में शामिल 89 गांवों में भी कचरा उठान शुरू हो जाएगा। शासन ने संसाधन खरीद का प्रस्ताव स्वीकृत कर लिया है। वर्क आर्डर भी जारी हो गया है। ऐसे में पूरी उम्मीद है कि जनवरी के अंत तक संसाधनों की आपूर्ति संबंधित कंपनियों की ओर से नगर निगम प्रशासन को होने लगेगी।

दो चरणों में संसाधनों की खरीद

तैयार प्रपोजल के अनुसार कचरा उठान के लिए दो चरणों में संसाधनों की खरीद होगी। पहले चरण में 90 वार्ड को ध्यान में रखा गया है। इसके लिए 20 करोड़ रुपये के संसाधन जैसे- जेसीबी, हापर, डंपर, कंपैक्टर, हाथ ट्राली, टाटा एस का छोटा हापर, हाईवा आदि खरीदे जाएंगे। इनको निजी कंपनी एजी इनवायरो को सौंप दिया जाएगा। नगर निगम प्रशासन से निजी कंपनी का जो अनुबंध हुआ है उसमें कंपनी को सात वर्ष तक कोई संसाधन नहीं दिए जाएंगे। इन्हीं संसाधनों का उपयोग कर 90 वार्ड में घर-घर कचरा उठान से लेकर प्लांट तक पहुंचाने का कार्य कंपनी करेगी। सात वर्ष तक संसाधनों के रख-रखाव की जिम्मेदारी भी कंपनी की ही रहेगी।

दूसरे चरण में होगा विस्तारित शहर

दूसरे चरण में विस्तारित शहर को शामिल किया गया है। पहला चरण पूरा होते ही विस्तारित शहर को ध्यान में रखते हुए दो से तीन माह के अंदर संसाधनों की खरीद कर दी जाएगी। इसके बाद नगर निगम सीमा में शामिल 89 गांवों में भी घर-घर कचरा उठाने का कार्य एजी इनवायरो कंपनी करने लगेगी। अधिशासी अभियंता लोकेश जैन ने बताया कि संसाधनों की खरीद की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही कंपनियां संसाधनों की आपूर्ति शुरू कर देंगी।

वर्जन

एजी इनवायरो कंपनी को संसाधन मुहैया कराने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। अनुबंध के मुताबिक संसाधनों की खरीद हो रही है। जनवरी के अंत तक संसाधनों की आपूर्ति होने लगेगी।

- देवीदयाल वर्मा, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम वाराणसी