-कपसेठी में दुकान का ताला तोड़ते वक्त जाग होने से भागे डकैत

-ग्रामीणों में दहशत, पुलिस ने किया सतर्क

VARANASI

कपसेठी व जंसा थाना क्षेत्र के गांवों में शुक्रवार की रात कच्छा बनियान गिरोह की आहट मिलने पर ग्रामीण सहम गए। शोरगुल होने पर डकैत भाग निकले। पुलिस ने भी लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है।

कच्छा बनियान गिरोह के डकैत रात कपसेठी के सिरिहिरा बाजार स्थित शिव कुमार सेठ के कटरे का ताला तोड़ रहे थे। इसी बीच बगल के दुकानदार राम जियावन राजभर की नींद खुल गई। इससे पहले वह शोर मचाता डकैतों उसे दबोच लिया। इसी बीच सेवापुरी स्वास्थ्य केंद्र से लौट रही एक महिला की नजर डकैतों पर पड़ी तो वह शोर मचाने लगी। शोरगुल सुनकर शिवकुमार सेठ के परिवार के लोग जाग गए। गश्त पर निकली पुलिस भी पहुंच गई लेकिन तब तक मौके की नजाकत भाप कर सभी डकैत भाग निकले।

पुलिस ने किया सतर्क

डकैतों की संख्या दस बताई गई और सभी कच्छा बनियान पहने थे। इसकी जानकारी होते ही कपसेठी व जंसा पुलिस सक्रिय हो गई है। गिरोह के सदस्य मटूका नाले के आस पास भी देखे गए। फिलहाल कपसेठी पुलिस ने सभी ग्राम प्रधानों को भी सतर्क कर दिया है। कई गांव के लोग रतजग्गा भी शुरू कर दिए हैं। इसके पूर्व बुधवार की रात रघुनाथपुर में रोहित सिंह व कपसेठी गडई पर बस्ती में लाखों की चोरी हो चुकी है। इस संबंध में थाना प्रमुख अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि करीब दस की संख्या में चोर थे। पुलिस ने पीछा भी किया किन्तु पकड़ में नही आ सके।