-शिवपुर में हुई घटना, किशोरी के साथ शोहदे ने की छेड़खानी
-शिकायत करने पहुंचे पिता की जमकर ली खबर, पुलिस ने पांच को किया arrest
VARANASI : चंद रोज पहले हुई हिना की मौत जाया चली गयी। इससे किसी ने सबक नहीं लिया। शोहदों के विरोध की हिमाकत पर उसे जला दिया गया। तड़प-तड़पकर उसकी मौत हो गयी। इस बार शोहदों की शिकार हुई शिवपुर एरिया की किशोरी। शनिवार की शाम उसे अकेले पाकर एक शोहदे ने छेड़खानी की। पीडि़ता के पिता शिकायत करने पहुंचे तो शोहदे ने साथियों के साथ पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। तहरीर पर पुलिस ने पांच बदमाशों को अरेस्ट कर लिया है।
अकेले देख बिगड़ी नीयत
शिवपुर एरिया में रहने वाली किशोरी शनिवार की शाम शौच के लिए खेत की ओर जा रही थी। वह घर से कुछ ही दूर पहुंची थी। तभी एरिया का ही फूलचंद्र पुलिया पर ताक लगाए बैठा था। सूनसान स्थान पर उसने किशोरी को दबोच लिया। उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दिया। किशोरी ने उसकी हरकतों से बचने की कोशिश की लेकिन शोहदे की हरकत बढ़ती गयी। बड़ी मुश्किल से किशोरी उसके चंगुल से बचकर घर पहुंची और परिवार को घटना की जानकारी दी।
साथियों के साथ किया हमला
घटना से तिलमिलाए किशोरी के पिता फूलचंद्र के घर पहुंचे। परिजनों से शिकायत की तो फूलचंद्र ने साथियों के साथ उस पर हमला कर दिया। लात-घूसों से उसकी जमकर पिटायी की। इस दौरान वह जान बचाने के लिए चीखता-चिल्लाता रहा लेकिन हमलावरों को रहम नहीं आयी। किशोरी के बाप को अधमरा करके छोड़ा। पीडि़ता के परिजनों ने रात में ही कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फूलचंद्र, रामसूरत, रमेश, अजीत और मजून को अरेस्ट कर लिया।