सरस्वती उद्यान में चल रहे पुरातत्व उत्खनन कार्य का मेयर ने किया निरीक्षण

VARANASI

काशी विश्वनाथ मंदिर समीप सरस्वती फाटक स्थित सरस्वती उद्यान में चल रही खोदाई में मिले एक घड़े से दसवीं शताब्दी के सिक्के मिले हैं। बुधवार को पुरातात्विक कार्य का निरीक्षण करने मेयर राम गोपाल मोहले पहुंचे। इस कार्य की देख-रेख मेयर के साथ ही ज्ञान प्रवाह की प्रो। विदुला जायसवाल कर रही है। उत्खनन कार्य का शुभारंभ आठ अप्रैल को मेयर ने फावड़ा चलाकर किया था। यहां पर खोदाई में मिली वस्तुएं करीब पांच हजार साल से भी ज्यादा पुरानी बतायी जा रही है। पुरातत्वविद का कहना है कि खोदाई में मिली वस्तुओं से साफ हो जाता है कि प्राचीन काशी का इतिहास पांच हजार साल से भी पुराना है।

प्राचीन वस्तुओं का होगा संरक्षण

निरीक्षण करने पहुंचे मेयर ने बताया कि सरस्वती उद्यान में खोदाई के दौरान मिली वस्तुएं पक्का महाल के प्राचीन इतिहास के लिए महत्वपूर्ण है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए हर उपाय किया जाएगा। खोदाई में मिट्टी के बर्तन, सिक्के, भग्न मूर्ती और वास्तु संरचना के आधार पर इनका काल पता लगाया जा रहा है। इस दौरान पार्षद अशोक मिश्र, राजेश जायसवाल, विनोद भारद्वाज, अनिल शर्मा, अशोक सेठ, नरसिंह दास समेत अपर नगर आयुक्त बीके द्विवेदी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।