-मंडुवाडीह में बस की चपेट में आने से किशोर की हुई मौत के बाद शादी के घर में छाया मातम

-दुल्हन बनी बुआ हादसे की खबर सुन हुई बेहोश, लोहता व रोहिनया में भी हुए हादसे में कई घायल

VARANASI

घर में खुशी का माहौल था। हर कोई बेटी के हाथ पीले करने की तैयारियों में जुटा था। घर पर बारात भी आ चुकी थी कि इसी बीच हुए एक हादसे ने घर में मातम ला दिया। जिसके बाद दुल्हन को भी हॉस्पिटल ले जाना पड़ा। घटना मंडुवाडीह में हुई। यहां गुरुवार रात रोड एक्सिडेंट में क्7 साल के किशोर की जान जाने की खबर मिलते ही दुल्हन बनी उसकी बुआ की भी हालत बिगड़ गई। इसके अलावा लोहता व रोहनिया में भी हुए हादसों में एक की जान चली गई जबकि कुछ लोग घायल हो गए।

क्रॉस कर रहा था रोड

मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भूल्लनपुर (लखनपुर) निवासी प्राइवेट स्कूल के बस चालक राजेंद्र कुमार की छोटी बहन सरिता की शादी थी। बारात घर आई थी। इस बीच राजेंद्र का क्7 वर्षीय बेटा रोहित दुकान से कुछ सामान लाने के लिए रोड क्रॉस कर रहा था। तभी कैंट से इलाहाबाद की ओर जा रही रोडवेज बस ने उसे रौंद दिया। हादसे के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल रोहित को बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर ले गए जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजेंद्र के दो बेटों व दो बेटियों में रोहित सबसे बड़ा था। हादसा उस वक्त हुआ जब बाराती नाचने-गाने में व्यस्त थे और घराती भोजन का लुत्फ उठा रहे थे। मौत की खबर सुनते ही घरवालों के साथ आए हुए मेहमान भी गम में डूब गए। घटना के बाद मृत रोहित की बुआ सरिता का रो रोकर बुरा हाल था।

गम के माहौल में सिंदूरदान

घटना के बाद गम के माहौल में सिंदूरदान की रस्म पूरी की गई। रात में ही दूल्हा पक्ष के परिजनों को छोड़ अन्य बाराती वापस चले गए। हालांकि बुआ सरिता को पहले इस घटना की पूरी जानकारी नहीं दी गई थी। शादी की रस्म पूरी होने के बाद जब उसे जानकारी हुई तो वह बेहोश हो गई। नवविवाहिता को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। वर पक्ष के लोग बहु की विदाई कराए बिना ही वापस चले गए। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

कार का सफर बना अंतिम सफर

वहीं लोहता अमर पट्टी निवासी महेंद्र पाल व संतोष सिंह कार में सवार होकर किसी बारात से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार भट्ठी गांव के पास पहुंची वह अनकंट्रोल्ड होकर रोड किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में महेंद्र पाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि संतोष की हालत गंभीर है। इसके अलावा रोहनिया के मरूई गांव के पास दो ऑटो रिक्शों में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पाहु बाजार (कछवां) निवासी रानेश कुमार, विजय, संतोष रवि व जक्खिनी निवासी रिक्शा चालक गुड्डू को चोटें आई। सभी घायलों का उपचार प्राइवेट अस्पताल में कराया गया।