- बादल लगातार कर रहे हैं मायूस, नहीं टपका रही हैं बूंदें

- अधिकतम संग न्यूनतम तापमान में भी दर्ज की गयी बढ़ोतरी

VARANASI

बारिश का मौसम है और बनारस बूदों को तरस रहा है। मौसमी मिजाज आषाढ़ में ज्येष्ठ का एहसास करा रहा है। हालात यह है कि आसमान में बादल खूब छा रहे हैं। पर बूंदे नहीं टपक रही हैं। रविवार को भी बनारस में ऐसा ही मौसमी मिजाज देखने के मिला। नतीजा रहा कि काशीवासी भीषण उमस, गर्मी से बेहाल हो रहे हैं। सुबह से ही धूप ने लोगों को रुलाना शुरू कर दिया था। उमस इतनी ज्यादा थी कि पार्को में मॉर्निग वॉक करने आने वाले लोग पसीना पोंछते टहल रहे थे।

दोपहर में और भी तीखी हुई धूप

सुबह तो मौसम ने अपनी तीव्रता दिखा ही दी थी। वहीं दोपहर को धूप और तीखी हो गई। शाम को आसमान पर बादल दिखे लेकिन उनमें बारिश का माद्दा नहीं था। थोड़ी ही देर में लोगों की आस टूट जा रही थी। मौसम विज्ञानी प्रो एसएन पाण्डेय का कहना है कि बारिश होने की संभावना बन रही है। एक दो दिनों में बारिश हो सकती है। बताया कि मानसून के हिमालय के दक्षिण में खिसक जाने से मौसम में बदलाव हुआ है। पर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

तापमान में बढ़ोतरी

इधर मौसम विभाग ने 24 घंटे में अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो एक दिन पहले की अपेक्षा .4 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान भी तकरीबन एक डिग्री बढ़त के साथ 30.2 डिग्री दर्ज किया। अधिकतम आ‌र्द्रता 76 व न्यूनतम आ‌र्द्रता 46 प्रतिशत रही।