डीएम के आदेश पर पर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया

पिछली बार से एक लाख 56 हजार 91 मतदाता बढ़े

वाराणसी में विधानसभा फोटो मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद 'मतदाता सूची' का अंतिम प्रकाशन शुक्रवार को कर दिया गया। डीएम कौशल राज शर्मा ने बताया कि सूची जिला निर्वाचन कार्यालय के अलावा समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में चस्पा कर दी गई है। मतदाता 21 जनवरी तक कार्यालय अवधि में इसे देख सकते हैं। मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अब जिले में वोटरों की संख्या 29 लाख 35 हजार 254 हो गई है। इसमें पुरुष वोटरों की संख्या 16 लाख 12 हजार 783 और महिला वोटरों की संख्या 13 लाख 22 हजार 314 है। तृतीय लिंग की आबादी 148 है। पहले इनकी संख्या 142 थी।

पुनरीक्षण के दौरान नाम बढ़ाने के लिए 34 हजार 508 वोटरों की ओर से आवेदन किए गए। इसके अलावा मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए कुल 13 हजार 676 लोग आगे आए। इसमें से कुछ मृतकों के नाम भी शामिल थे। इसके अलावा कई लोगों ने दूसरे जिले में वोटर बनने के कारण यहां से नाम हटाने के लिए अर्जी दी।

एक माह तक चले पुनरीक्षण के दौरान युवाओं में खासा उत्साह रहा। एक जनवरी 2021 के आधार पर हुए आलेख्य प्रकाशन के बाद 18 वर्ष पूरा करने वाले युवा भी मतदाता बनने के लिए आगे आए। इनकी संख्या सात हजार के आस-पास रही है।

विधानसभावार वोटरों की संख्या यूं होगी

विस क्षेत्र कुल मतदाता महिला वोटर

पिंडरा 3,57989 163349

अजगरा 3,52754 162646

शिवपुर 3,54352 158902

रोहनिया 3,92631 173585

वाराणसी उत्तरी 4,03325 181162

वाराणसी दक्षिणी 3,01243 134097

कैंट 4,36897 195626

सेवापुरी 3,36054 152947

-2017 विधानसभा चुनाव के दौरान जिले में वोटरों की संख्या 27 लाख 79 हजार 163 रही

-तीन साल में बढ़े एक लाख 56 हजार 91 मतदाता

-जिले में 18 से 19 वर्ष के युवा वोटरों की संख्या 21 हजार 948

-सर्विस वोटरों की संख्या जिले में पांच हजार 929

-इपिक रेशियो इस वक्त 69.09 फीसद

-जनपद में थर्ड जेंडर मतदाता की संख्या 148

-जिले की वर्तमान में आबादी लगभग 42 लाख 48 हजार 580