फोटो- गु्रप में मिलेगा

-एक्सपर्ट के साथ बैठक कर बनाई रणनीति

-ऐतिहासिकता बरकरार रखकर बनेगी ग्रीन बिल्डिंग

-सोलर उर्जा के साथ ग्रीनरी पर रहेगा जोर

-आर्ट गैलरी, लाइब्रेरी का होगा निर्माण, बदल जाएगी सूरत

>DEHRADUN: नगर निगम ने एक्सपर्ट के साथ मिलकर ग्रीन बिल्डिंग का खाका तैयार किया। इसमें ऐतिहासिकता को बरकरार रखते हुए पूरी नगर निगम की सूरत बदलने का प्लाना बनाया है। इसके तहत जहां नगर निगम में लाइब्रेरी, आर्ट गैलरी निर्माण होगा। इसके साथ ही सोलर उर्जा का प्रयोग करते हुए ग्रीनरी को बढ़ावा दिया जाएगा। इस मुद्दे पर शनिवार को दो घंटे से अधिक समय तक बैठक चली।

ऐतिहासिकता को लेकर कड़ी मशक्कत

बैठक में डीआईटी से आर्केटेक, अधिशासी अभियंता शहरी विकास और नगर निगम से नगर आयुक्त, जेई और अन्य अधिकारी शामिल हुए। बैठक में नगर निगम को स्मार्ट सिटी के तहत ग्रीन बिल्डिंग में बदलने पर रणनीति तय हुई। सबसे बड़ा सवाल यह था कि पुरानी बिल्डिंग को बिना छेडे़ यह कैसे संभव होगा। इसके लिए तय किया गया कि आगे की पुरानी बिल्डिंग के साथ छेड़छाड़ नहीं होगी। इसके पीछे दो मंजिल और उसके पीछे तीन मंजिल भवन बनाए जाएंगे। इससे ऐतिहासिकता बरकरार रखते हुए ग्रीन बिल्डिंग का खाका तैयार होगा।

स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच

नगर निगम में आर्ट गैलरी तैयार करने पर भी सहमति बनी। इसमें स्थानीय कलाकारों को भी स्थान दिया जाएगा। इससे कलाकारों को अपनी प्रतिभा को लोगों तक पहुंचाने का मौका मिलेगा। इसके अलावा एक लाइब्रेरी का निर्माण भी कराया जाना है।

बैंक दूसरी बिल्डिंग में होगा शिफ्ट

बैठक में तय किया गया कि गेट के किनारे चल रहा बैंक दूसरी ओर बिल्डिंग में शिफ्ट किया जाएगा। इसके अलावा पानी की टंकी भी शिफ्ट की जाएगी। साथ ही तय हुआ कि नगर निगम में अलग से अंडरग्राउंड पार्किंग और पार्क की सुविधा भी की जाएगी।

स्मार्ट सिटी का कंट्रोल रूम

जोन चार में स्मार्ट सिटी बननी है। इसमें तमाम काम किए जाएंगे। अधिकांश काम नगर निगम को ही नियंत्रित करने हैं, इसलिए स्मार्ट सिटी का कंट्रोलरूम भी नगर निगम में ही बनाया जाएगा। इसके लिए अलग से कक्ष का निर्माण भी किया जाएगा।

-------

ग्रीन बिल्डिंग का खाका तैयार किया गया है। अब एक्सपर्ट उसी के अनुसार डीपीआर तैयार करेंगे। डीपीआर तैयार होने के बाद दोबारा बैठक होगी। हमारा उद्देश्य ऐतिहासिकता को बरकरार रखते हुए ग्रीन बिल्डिंग बनाना है।

--विनोद चमोली, मेयर, नगर निगम देहरादून