अदभुत-आज से पर्यटकों के लिए खुल जाएगी फूलों की घाटी

-इस साल ज्यादा पर्यटक आने की संभावना

-पिछले साल पहुंचे थे 6000 सैलानी

देहरादून

आज से फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए खुल रही है। इसके लिए पार्क प्रशासन ने कई दिन पहले ही तैयारियां पूरी कर ली थीं। करीब 87 स्क्वायर किलोमीटर से ज्यादा एरिया में फैली वैली ऑफ फ्लावर को लेकर वन विभाग इस बार ज्यादा चुस्त दिख रहा है। डीएफओ चंद्र शेखर जोशी का कहना है कि इस बार पिछले साल से ज्यादा सुविधाजनक यात्रा की व्यवस्था की गई है। पर्यटकों के लिए तमाम इंतजाम किए गए हैं। इस साल पर्यटकों का उत्साह देखते ही बन रहा है। तीन दिन पहले से ही सैलानी घांघरिया में डेरा डाल चुके हैं। आपको बता दें कि 2005 में यूनिस्को ने व‌र्ल्ड हैरिटेज में वैली ऑफ फ्लावर को स्थान दिया था, जबकि 1982 में फूलों की घाटी के संरक्षण के लिए नंदा देवी नेशनल पार्क बनाया गया।

बॉक्स

क्या है फूलों की घाटी

-फूलों की घाटी में 500 से ज्यादा फूलों की प्रजातियां हैं।

-यह एक राष्ट्रीय उद्यान है जो विश्व धरोहर घोषित है।

-फूलों की घाटी 87.5 किमी एरिया में फैली है।

-पर्यटकों को सिर्फ 3 किमी के दायरे में ही प्रवेश की इजाजत है।

बॉक्स

कैसे पहुंचें फूलों की घाटी

-चमोली जिले के गोविंदघाट तक बस या अपने वाहन से पहुंचा जा सकता है।

-देहरादून या हरिद्वार से करीब 272 किमी है गोविंदघाट।

-जोशीमठ से गोविंदघाट की दूरी 19 किमी है।

-गोविंदघाट से फूलों की घाटी 13 किमी पैदल है।

::वर्जन::

वैली ऑफ फ्लावर की खूबसूरती को देखते हुए हर साल यहां पर्यटकों की आमद बढ़ती रहती है। पिछले साल करीब छह हजार पर्यटक पहुंचे थे, जबकि इस बार दोगुने पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। उत्साह अभी से ही दिख रहा है।

चंद्र शेखर जोशी, डीएफओ, नंदा देवी नेशनल पार्क।