- तीन मीटर से अधिक जलस्तर गिरने से हैंडपंपों और सबमर्सीबल में नहीं आ रहा पानी

- बारिश न होने के कारण नहीं हो सका भू-गर्भ में वाटर रिचार्ज

HARIDWAR: गर्मी बढ़ने के कारण कई गांवों में भू-गर्भ जलस्तर गिर गया है। करीब तीन मीटर से अधिक जलस्तर गिरने से घरों में लगे निजी हैंडपंप एवं सबमर्सीबल में पानी नहीं आ रहा है। इससे पानी की किल्लत पैदा हो गई है। हजारों की आबादी पानी के लिए सरकारी हैंडपंप के भरोसे हैं।

पानी की हो रही किल्लत

गर्मी बढ़ने के कारण जलस्तर गिरता जा रहा है। कई जलस्रोतों के सुखने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे जहां फसलों को नुकसान हुआ है, वहीं इसका असर गर्मियों में पानी की किल्लत के रूप में देखने को मिल रहा है। बारिश न होने के कारण भू-गर्भ में वाटर रिचार्ज नहीं हो सका है। इसी का नतीजा है कि कुछ गांवों में भू-गर्भ में जलस्तर गिर गया है। इससे घरों में लगे निजी हैंडपंपों ने पानी देना बंद कर दिया है, जबकि सरकारी हैंडपंपों पर ग्रामीण दौड़ लगाने को मजबूर हैं।

सरकारी हैंडपंप बने सहारा

हजारों की आबादी को गर्मियों में पानी की परेशानी से जूझना पड़ रहा है। इसका खुलासा पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता मो। मिसिम की सर्वे रिपोर्ट में हुआ है। ईई मो। मिसिम ने बताया कि बारिश न होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति के लिए ग्रामीणों द्वारा घरों में हैंडपंप, सबमर्सीबल लगाए जाते हैं। पानी की समस्या न हो, इसके लिए जिला योजना के तहत सरकारी हैंडपंप की मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है। ब्लॉक स्तर पर टीम रोजाना हैंडपंप की मरम्मत कर रही है।

अस्सी फीट की खुदाई के बाद लगाया जाता है सरकारी हैंडपंप

पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता मो। मिसिम ने बताया कि सरकारी हैंडपंप को अस्सी फीट की खुदाई के बाद लगाया जाता है, ताकि अगर जल स्तर घट भी जाए तो पानी की आपूर्ति पर असर न पड़े। घरों में लगने वाले निजी हैंडपंप की गहराई लोग मात्र बच्स से पच्चीस रखते हैं, जिस कारण यह दिक्कतें पेश आती हैं। अधिशासी अभियंता मो। मिसिम ने बताया कि जलस्तर घटने वाले क्षेत्रों में सरकारी हैंडपंप से पानी ग्रामीणों को मिल रहा है, लेकिन कई हैंडपंप वर्षों के पहले लगे हैं। हो सकता है कि पहले लगे हैंडपंप की गहराई कम हो, जो पानी देना बंद कर गए हों। इसलिए सहायक अभियंता के नेतृत्व में टीम गठित कर गांवों में भेजी गई है। यह टीम सर्वे कर रिपोर्ट देगी।