-अब दो दिन बाद तक चलेगा कूड़ा उठाने का अभियान

-घरों से कूड़ा न उठने से बढ़ी मुश्किलें

>DEHRADUN:

शनिवार को हुई बारिश ने शहर में फैले कूड़े की स्थिति और बिगाड़ दी। पहले ही कूड़ा डस्टबीन से बाहर सड़क तक फैला हुआ था, लेकिन बारिश के बाद वह और फैल गया। वहीं बारिश में कूड़ा उठान अभियान भी प्रभावित हो गया। कुछ ही जगहों से कूड़ा उठ सका, जबकि इस समय पूरे शहर में कूड़ा सड़ रहा है।

डोर-टू-डोर अभियान पड़ा ठप

नगर निगम पहले चरण में सड़कों के किनारे पडे़ डस्टबीन से कूड़ा उठा रहे हैं। गाडि़यां डस्टबीन तो उठा ले रही हैं, लेकिन उसके बाहर बिखरे कूड़े को समेटने में अधिक समय लग रहा है। उसके लिए निगम को अलग से गाडि़यां लगानी पड़ रही है। इनमें अधिकांश गाडि़यां डो-टू-डोर अभियान वाली हैं।

ट्रंचिंग ग्राउंड की सिसायत से बिगड़े हालात

रविवार को ट्रंचिंग ग्राउंड पर सियासत शुरू हुई थी। वहां के लोगों ने कूड़ा न डालने देने को लेकर धरना शुरू कर दिया था और नगर निगम की गाडि़यों को रोक दिया था। इसके बाद से करीब पांच दिन तक लोग वहां डटे रहे, वहीं सिटी में कूड़ा उठान बंद हो गया। जिससे स्थिति बिगड़ गए। काफी प्रयास के बाद वार्ता तो सफल हुई, लेकिन शनिवार को लगातार होती रही बारिश से कूड़ा उठान अभियान प्रभावित रहा।

डोर-टू-डोर अभियान में लगेगा समय

फिलहाल नगर निगम ने डोर-टू-डोर अभियान में लगी सभी गाडि़यों को सड़कों के किनारे से कूड़ा उठाने में लगा दिया है। डस्टबीन से बाहर कूड़ा सड़कों पर फैला है। वहीं दूसरी ओर घरों से कूड़ा न उठने के कारण लोगों के घरों में भी कूड़ा सड़ने लगा है। शुक्रवार को कई लोगों ने इसे लेकर नगर निगम में प्रदर्शन भी किया था।

---

बारिश के कारण कुछ परेशानी आ रही है, लेकिन अभियान शुरू कर दिया गया है। पहले चरण में सड़कों के किनारे से कूड़ा उठाया जा रहा है। इसके बाद ही डोर-टू-डोर अभियान भी शुरू होगा।

--केएस गुंज्याल, नगर वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम देहरादून