- कांग्रेस छोड़ने के बाद अब जमकर कोस रहे हैं कांग्रेस को

- बोले, कांग्रेस को लगा दीमक, ऐसे घर को छोड़ना ही बेहतर

- शनिवार को नरेंद्रनगर विस के चौदहबीघा में कार्यक्रम का आयेाजन

RISHIKESH/DEHRADUN: कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद अब पूर्व कांग्रेसी विधायकों ने अपने क्षेत्रों में चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शक्ति प्रदर्शन के जरिए अब वे जनता के बीच पहुंचकर कांग्रेस को जमकर कोस रहे हैं। शनिवार को नरेंद्रनगर के पूर्व विधायक सुबोध उनियाल ने कहा कि कांग्रेस को दीमक लग चुका है। ऐसे घर को छोड़ना ही बेहतर था। उन्होंने कहा कि वह पूरी ताकत के साथ भाजपा में शामिल हुए हैं, और भाजपा का मजबूत करने के लिए ताकत झोंक देंगे।

सभी का जोरदार स्वागत

भाजपा में शामिल होने के बाद पहली बार अपनी विधानसभा में सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुए पूर्व विधायक सुबोध उनियाल के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व काबीना मंत्री हरक सिंह रावत भी चौदहबीघा स्थित कार्यक्रम में पहुंचे। जहां जगह-जगह बीजेपी क ार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। कहा कि राज्य में भय और भ्रष्टाचार का वातावरण है। सरकार की तानाशाही से तंग आ चुकी जनता आने वाले विस चुनाव में कांग्रेस को करारा जवाब देगी।

हरीश रावत वन मैन शो

पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व काबीना मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि हरीश रावत उत्तराखंड में वन मैन शो बन गए हैं। गढ़वाल क्षेत्र पूरी तरह उपेक्षा का शिकार है, ऐसे में कांग्रेस के साथ रह पाना किसी के लिए भी संभव नहीं है। इस अवसर पर विधायक ऋषिकेश प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक रुड़की प्रदीप बत्रा, पूर्व विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजान दास, लाखाराम जोशी, ज्ञान सिंह नेगी, भाजपा के जिलाध्यक्ष संजय नेगी आदि भी उपस्थित रहे।

----------------

सुबोध समर्थक भी भाजपा में

नरेंद्रनगर के पूर्व विधायक सुबोध उनियाल के साथ उनके सैकड़ों समर्थकों ने शनिवार को कांग्रेस छोड़ बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करने वालों पर कई जन प्रतिनिधियों के अलावा कांग्रेस संगठन में विभिन्न पदों पर दायित्व निभा रहे कई लोग शामिल हैं।