हर आदमी को दो हजार कैश देने की भी व्यवस्था

आई स्पेशल

- 90 हजार घरों का जमा होता है हाउस टैक्स

- 10 करोड़ की होती है सालाना टैक्स वसूली

- 300 से 5 हजार रुपए तक लगता है हाउस टैक्स

- 60 वार्ड हैं नगर निगम में शामिल

देहरादून

दूनाइट्स के लिए अच्छी खबर है। ये खबर है नगर निगम से जुड़ी। अब नगर निगम से जुड़ा हर टैक्स आप कैशलेस जमा कर सकते हैं। इतना ही नहीं, नगर निगम ने आपको कैश देने का भी इंतजाम किया है। अपना कार्ड ले जाइए, स्वैप कराइए और आपको यहां से कैश भी मिलेगा। ये समझिए कि एटीएम की लाइन में लगने का वक्त आपके पास नहीं है तो नगर निगम ने आपके लिए एक मिनी एटीएम की व्यवस्था की है।

निगम निकला नंबर वन

देशभर में नोटबंदी के बाद शुरू हुई कैशलेस व्यवस्था को राजधानी में सबसे पहले नगर निगम ने शुरू कर दिया है। अब आपको हाउस टैक्स भरने के लिए लंबी लाइनों में नहीं लगाना पड़ेगा। नगर निगम में जाते ही बस 1 मिनट में कार्ड स्पैव करते ही आपका टैक्स जमा हो जाएगा। मंगलवार को नगर निगम में इस योजना का विधिवत उद्घाटन कर दिया गया है। इसके अलावा नगर निगम में कर्मचारियों और आम जनता के लिए मिनी एटीएम भी लगा दिया है। इसके जरिए लोगों को 2 हजार रुपए तक का कैश मिल सकेगा। मेयर विनोद चमोली ने बताया कि 1 जनवरी से घर-घर में कर अधीक्षक स्वैप मशीनें ले जाएंगे। जिसके बाद बिना किसी दिक्कत के करदाता टैक्स दे सकेंगे।

लग गया कैशलेस काउंटर

मंगलवार को राजधानी में नगर निगम ने कैशलेस सर्विस शुरू कर दी है। एक्सिस बैंक के साथ निगम द्वारा किए गए अनुबंध में एक्सेस बैंक आगामी 31 दिसंबर तक बिना किसी चार्ज के यह सुविधा देगा। इसके बाद बैंक 20 से 30 रुपए का चार्ज ले सकता है। मेयर विनोद चामेली ने बताया कि यह पहला मौका है जब कोई पब्लिक यूटिलिटी से जुड़ा ऑफिस कार्ड स्वैप की सुविधा दे रहा है। उन्होंने बताया कि यह डिजिटल इंडिया के नजरिए से अच्छी पहल है। इसके अलावा निगम के आईटी हेड मनीष पंत ने बताया कि निगम द्वारा डोर टू डोर टैक्स स्वैप पेमेंट की व्यवस्था भी जल्द शुरु कर दी जाएगी। कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान मेयर विनोद चमोली को सभी पार्षदों को अपने अपने वार्डो में जागरुकता फैलाने की बात कही।

कैश की व्यवस्था शुरू

मंगलवार से नगर निगम में मिनी एटीएम की व्यवस्था भी शुरु कर दी है। इसके जरिए नगर निगम के कर्मचारी और आम जनता को प्रति कार्ड 2 हजार रुपए कैश मिल सकेगा। आईटी प्रभारी मनीष पंत ने बताया कि मिनी एटीएम सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेंगे।

सभी वार्डो में की व्यवस्था

शहर के सभी 60 वार्ड में सवा लाख के करीब घर हैं, जिनमें से 90 हजार घरों से हाउस टैक्स वसूला जाता है। घर के असेसमेंट के अनुसार 200 रुपए से 5000 रुपए तक का टैक्स एक घर से वसूला जाता है। नगर आयुक्त रवनीत चीमा ने बताया कि शहर के सभी घरों से वसूले जाने वाला टैक्स करीब 10 करोड़ रुपए होता है।

बॉक्स

पुरानी रसीद से भरें टैक्स

अगर आपके घर में इस साल टैक्स के बिल नहीं पहुंचे हैं तो चिंता की कोई बात नहीं। आप अपने घर की पिछले साल की रसीद लेकर टैक्स जमा करवा सकते हैं। कर अधीक्षक पूनम रावत ने बताया कि किसी भी कार्य दिवस के दिन 10 बजे से 5 बजे तक हाउस टैक्स जमा कराया जा सकता है।

बॉक्स

ऐसे होता है टैक्स निर्धारण

अगर आप पहली बार नगर निगम में हाउस टैक्स जमा करने जा रहे हैं तो आपके घर का टैक्स 4 बातों पर निर्धारित होगा। लोकेलिटी, घर का आकार, घर की गुणवत्ता और सड़क की चौड़ाई।

------------

कैशलेस टैजेक्शन के लिए स्वैप मशीन लगाने को लेकर सहमति बनी थी। अब यह व्यवस्था शुक्रू कर दी गई है। इसके साथ ही मिनी एटीएम के जरिए लोगों को कैश देने का काम भी शुरू कर दिया गया है।

विनोद चमोली, मेयर, देहरादून