-विस अध्यक्ष बोले, व्यक्तिगत तौर पर हैं गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाए जाने के पक्षधर

- राजधानी बनने से पहाड़ों से रुकेगा पलायन

DEHRADUN: चुनावी वर्ष में गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाए जाने का मुद्दा गरमाने लगा है। विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा है कि वे व्यक्तिगत तौर पर गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाए जाने के पक्षधर हैं। यह भी कहा कि यह जनभावना से जुड़ा हुआ मुद्दा है। इसलिए वे चाहते हैं कि चुनाव से पहले भराड़ीसैण में एक विधानसभा सत्र आहूत हो।

अक्टूबर तक निर्माण कार्य पूरा

रविवार को अपने बयान में विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि गैरसैंण-भराड़ीसैंण में विधानसभा निर्माण का कार्य इसी साल अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भराड़ीसैंण में विधानसभा भवन व सचिवालय निर्माण राज्य की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप में गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाए जाने के पक्षधर हैं। यही असल में जनभावना से जुड़ा हुआ मुद्दा है। इसीलिए वे चाहते हैं कि विधानसभा चुनाव से पहले भराड़ीसैंण में विधानसभा का एक सत्र भी हो। विस अध्यक्ष का कहना है कि अगर भराड़ीसैंण में स्थाई राजधानी बनती है तो पहाड़ से होता हुआ पलायन रुकेगा और पहाड़ में रोजगार के अवसर बढ़ सकेंगे।

स्थाई राजधानी का मुद्दा गरमाने के आसार

गैरसैंण के भराड़ीसैंण में विधानभवन व सचिवालय का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। खुद स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल कई बार निर्माण कार्यो को देखने के लिए गैरसैंण जा चुके हैं। इससे पहले दो बार विधानसभा का सत्र भी गैरसैंण में आहूत किया जा चुका है। अब विधानसभा अध्यक्ष ने गैरसैंण में स्थाई राजधानी की बात कही है। इधर, चुनावी वर्ष होने के कारण सियासी पारा गरमाने के आसार हैं।

बॉक्स

गैरसैंण के बहाने विस पर निशाना

चमोली जनपद का तहसील गैरसैंण अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ व रुद्रप्रयाग जिले से बेहद करीब है। राजनैतिक पंडित गैरसैंण को राजधानी बनाने के इस मुद्दे को सीधे तौर पर इन चार जिलों की 15 विस सीटों से जोड़कर देख रहे हैं। माना जा रहा है कि सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने गैरसैंण के मुद्दे को हवा देकर उक्त पर्वतीय क्षेत्रों में अपनी पकड़ को मजबूत करने की कसरत तेज कर दी है। जिससे आने वाले विस चुनावों में पार्टी को लाभ मिल सके।

::वर्जन:::

स्पीकर की चाहत का स्वागत है। लेकिन, पद पर रहने से व्यक्तिगत राय नहीं होती है। उन्हें सरकार को दिशा-निर्देश देने चाहिए। यूकेडी तो गैरसैंण में पूर्णकालिक राजधानी की पक्षधर है।

त्रिवेंद्र पंवार, केंद्रीय अध्यक्ष, यूकेडी (पी)

विधानसभा अध्यक्ष ने जो कहा है, हम उनके साथ हैं। विस सत्र कहां आहूत हो, यह स्पीकर का विशेषाि1धकार है। उनको पूरा समर्थन है।

किशोर उपाध्याय, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस।

ऐसे बयान महज प्रदेश की जनता को गुमराह करने के लिए सामने आते हैं। जबकि क्फ् जनपदों के छोटे से राज्य में समग्र विकास के मॉडल की तस्वीर का खाका खींचने की जरूरत है।

अनूप नौटियाल, प्रदेश कार्यसमिति अध्यक्ष, आम आदमी पार्टी।

स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल ने जब से पद संभाला है, वो कांग्रेस के एजेंट व सलाहकार के रूप में काम कर रहे हैं। गैरसैंण को लेकर दिए गए बयान से उन्होंने सीएम को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

वीरेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा।