-जमीन की नीचे दब गए हैं कई सारे हैंडपंप

-कैनाल रोड एरिया में बढ़ी पेयजल की समस्या

-करीब एक दर्जन हैंडपंप हैं बदहाल स्थिति में

DEHRADUN : गर्मी का सीजन पीक पर है और इन दिनों राजधानी में पेयजल का संकट गहरा गया है। कैनाल रोड स्थित कई एरिया में पेयजल की समस्या बढ़ गई है। यहां घरों में जहां लो प्रेशर से पानी पहुंच रहा है, तो एरिया में लगे हैंडपंप भी जमीन के नीचे दब गए हैं। इससे लोगों को अपना हलक गीला करने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।

हैंडपंप जमीन में दब गए

क्षेत्र में कुछ वर्षो पहले करीब एक दर्जन हैंडपंप लगाए गए थे, लेकिन लोगों को कुछ ही समय इन हैंडपंप का पानी नसीब हुआ, क्योंकि विगत वर्ष आपदा के बाद कुछ हैंडपंप जमीन में दब गए हैं, तो कुछ झाडि़यों से दब गए हैं। इतना ही नहीं क्षेत्र के लोगों ने पेयजल की समस्या और इन हैंडपंप्स की दुर्दशा को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन कुछ खास असर नहीं हुआ। समस्या अभी भी बनी हुई है, यहां बाला सुंदरी माता मंदिर एरिया, भागीरथी पुरम, जाखन, दून विहार-अंसल ग्रीन आदि कई एरिया में पेयजल की समस्या हो रही है।

लोगों की जुबानी समस्या

काफी समय से यहां पेयजल की समस्या बनी हुई है। घरों में लो प्रेशर से पानी आ रहा है।

-कमल राणा

कुछ वर्ष पहले यहां पेयजल समस्या दूर करने के लिए करीब एक दर्जन हैंडपंप लगाए गए थे, लेकिन आज सभी बदहाल स्थिति में है।

-परशू राम साहू

हर बार यहां गर्मियों के सीजन में पानी की समस्या बढ़ जाती है। हैंडपंप लगाए गए थे, लेकिन कुछ जमीन के नीचे दब गए हैं। कुछ झाडि़यों में समा गए हैं।

-दिनेश प्रसाद

स्थानीय जन प्रतिनिधि भी इस ओर ध्यान नहीं देते हैं। मैंने करीब दो माह पूर्व पेयजल निगम में शिकायत की थी। तब जाकर बाला सुंदरी माता स्थित हैंडपंप ठीक हो पाया। बाकी अभी बदहाल स्थिति में हैं।

-राजेन्द्र सिंह नेगी

--------

हैंडपंप को लेकर मेरे पास किसी ने शिकायत नहीं की है। हां इतना जरूर है कि पानी लो प्रेशर से आ रहा है। विगत वर्ष बॉडीगार्ड एरिया में पानी की समस्या हुई थी, जिस पर मैंने पेयजल निगम में शिकायत की थी, तो उस एरिया में नई पाइप लाइन डलवाई गई थी, फिलहाल अभी कहीं से शिकायत नहीं आई है।

-दया जोशी, पार्षद, वार्ड फ्, जाखन एरिया