फोटो-10,11

- अनाधिकृत पार्किंग और अतिक्रमण के कारण बनती है जाम की स्थिति

- जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेंग-रेंग कर चल रहे वाहन

HARIDWAR: हरिद्वार में जाम के झाम ने यात्रियों एवं स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार से लेकर सोमवार तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम में वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। शहर के बाजारों में अनाधिकृत पार्किंग, अतिक्रमण, आटो, रिक्शा व विक्रमों की अधिक संख्या होने के कारण जाम लगता है। भीड़ बढ़ने के बावजूद भी पुलिस ने शिवमूर्ति से लेकर पोस्ट ऑफिस तक वन-वे व्यवस्था लागू नहीं की है। इस कारण लोगों को जाम में फंसना पड़ रहा है। जाम लगने के कारण यात्रियों एवं स्थानीय लोगों के साथ मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

वाहनों का दबाव बढ़ने से लगता है जाम

हरिद्वार में इस बार यात्रा सीजन के दौरान यात्रियों की संख्या ने पिछले दो साल का रेकार्ड तोड़ा है। यात्रियों की संख्या बढ़ने से वाहनों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। यात्री रेलवे स्टेशन व बस अड्डे से विभिन्न स्थलों को जाने के लिए ऑटो, विक्रम, रिक्शा का सहारा लेते हैं। बस स्टेशन से हर की पैड़ी की ओर जाने वाले ऑटो विक्रम की संख्या सबसे अधिक है। जो जाम का सबसे बड़ा कारण भी बनते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में यात्री अपने निजी वाहनों से भी पहुंच रहे हैं।

पुलिस ने नहीं शुरू की वन वे व्यवस्था

रेलवे स्टेशन से पोस्ट ऑफिस तक जाम लगने का सबसे बड़ा कारण यहां सड़क पर होने वाली अनाधिकृत पार्किंग व अतिक्रमण भी है। हर समय जाम की स्थिति उत्पन्न होने के कारण हर की पैड़ी की ओर पैदल आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही स्थानीय लोगों के सामने भी दिक्कतें आती हैं। जिला व महिला अस्पताल जाने वाले मरीजों को भी जाम से परेशान होना पड़ता है। शहर में किसी पर्व पर या भीड़ बढ़ने के दौरान शिवमूर्ति से लेकर पोस्ट ऑफिस तक वन-वे व्यवस्था लागू की जाती है। लेकिन इस बार अभी तक यहां वन-वे व्यवस्था लागू नहीं की गई है। शहर में जाम के कारण यात्रियों एवं स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ऑफिशियल स्टेंड

आटो-विक्रम यूनियन के पदाधिकारियों से शहर में यातायात व्यवस्था को बनाने के लिए वार्ता की जाएगी। साथ ही इस रूट को वन-वे कर सीमित संख्या में ही आटो-रिक्शा, विक्रम आदि को भेजा जाएगा। अतिक्रमण को नगर निगम की टीम के साथ अभियान चलाकर हटवाया जाएगा।

प्रकाश देवली, सीओ सिटी