कानपुर। Weather Alert उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस बना हुआ है। इसकी वजह से देश में आज उत्तर भारत के कई राज्य ठंड से बेहाल रहेंगे। वहीं कुछ इलाके कोहरे तो कुछ बारिश से भीगेंगे। भारतीय माैसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक आज जम्मू और कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश के आसार हैं। पंजाब-हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अलग-अलग हिस्सों में घने कोहरे की संभावना है। इसके अलावा पंजाब में लोग ठंड से भी बेहाल रहेंगे। यहां अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर चलने की आशंका है। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के माैसम पर नजर डालें तो अलग-अलग स्थानों पर गरज और बिजली के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा विदर्भ, ओडिशा और झारखंड में कुछ जगहों पर माैसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा।

weather alert: दिल्ली में घना कोहरा,पंजाब में चलेगी शीत लहर

एक-दो स्थानों में बारिश हो सकती

वेदर एजेंसी स्काईमेट के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर बने वेस्टर्न डिस्टरबेंस के साथ ही निचले स्तरों में तटीय महाराष्ट्र पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र है। आंध्र प्रदेश तट से सटे पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक विपरीत चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र है। वहीं असम के ऊपर एक कमजोर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र है। ऐसे में आज जम्मू और कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में आज शाम तक बारिश के आसार हैं। उत्तर पंजाब और पश्चिमी हिमालय के न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा के कुछ हिस्सों में एक-दो स्थानों में बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फ जारी रह सकती है जबकि पूर्वी असम में हल्की बारिश की संभावना है।

National News inextlive from India News Desk