शहर रामलीला कमेटी जिमखाना मैदान में वध के साथ ही फूंके जाएंगे कुंभकरण, मेघनाथ और रावण के पुतले

रजबन रामलीला बनाए गए हैं तीन पुतले, कुंभकरण 50 फुट, मेघनाथ 60 और रावण 70 फुट

Meerut। शहर में अलग-अलग चल रही रामलीलाओं में रावण दहन को लेकर लोगों में खासा क्रेज दिखाई दे रहा है। भैंसाली ग्राउंड, रजबन व शहर रामलीला को लेकर रावण, मेघनाथ व कुंभकरण के पुतले तैयार कर लिए गए हैं। मगर शहर जिमखाना रामलीला में जैसे-जैसे रामलीला में जिसका वध होगा उसका पुतला फूंका जाएगा। शहर जिमखाना में कुंभकरण के वध के साथ ही उसका पुतला फूंकने की तैयारी कर ली गई है।

एक लाख का पुतला

कैंट रामलीला भैंसाली ग्राउंड में रावण का पुतला बनाने वाले असलम ने बताया कि उनका परिवार तीन पीढि़यों से रावण का पुतला बना रहा है। असलम ने बताया कि जब 1980 में उन्होंने पहली बार रावण का पुतला बनाया था तब 1400 रुपये करीब खर्च हुए थे। इस बार उन्होंने 80 फुट का रावण का पुतला बनाया है। जिसकी लागत करीब 1 लाख रुपये आई है। असलम ने बताया कि उनके वालिद साहब तो अग्रेंजों के जमाने में भी पुतला बनाने का काम करते थे।

60 हजार में 3 पुतले

रजबन रामलीला के सदस्य सतीश यादव ने बताया कि इस बार उनके यहां रावण के तीन पुतले बनाए गए हैं, एक 50, दूसरा 60 और तीसरा सबसे बड़ा 70 फुट का है। पुतले कागज व लकड़ी से तैयार किए गए हैं। इन पुतलों को बनाने में करीब 60 हजार का खर्चा आया है। सतीश ने बताया कि रजबन रामलीला में मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर व मेरठ से कई आतिशबाजी वाले आएंगे, जिनमें आपस में कॉम्पटीशन होगा।

65 फुट का पुतला

शहर रामलीला कमेटी जिमखाना मैदान के मेंबर संजीव गुप्ता ने बताया कि इस बार उनके यहां तीन पुतले बनाए गए हैं। एक कुंभकरण का जो 70 फुट का है। इसे आज कुंभकरण वध के साथ ही जलाया जाएगा। दूसरा सात अक्टूबर को मेघनाथ का पुतला फूंका जाएगा, जो 70 फुट का होगा। जो मेघनाथ वध के साथ ही फूंका जाएगा, 70 फुट का रावण दशहरे वाले दिन फूंका जाएगा।