- कोरोना जांच के बाद होम आइसोलेशन में जा रहे पॉजिटिव व्यक्तियों को दिया जा रहा मेडिकल किट

PATNA :

डीएम कुमार रवि ने पाटलिपुत्र अशोक होटल तथा बामेती आइसोलेशन केंद्र का निरीक्षण कर वहां के हालात का जायजा लिया। साथ ही वहां इलाज के लिए रह रहे लोगों का हाल जानते हुए उनको बीमारी से लड़ने के लिए प्रोत्साहित भी किया। पाटलिपुत्र अशोक होटल में संचालित एंटीजन टेस्ट में शुक्रवार को पॉजिटिव आए तथा होम आइसोलेशन में जाने वाले व्यक्तियों को डीएम ने मेडिकल किट के रूप में दवा का वितरण किया। शुक्रवार से यह व्यवस्था सभी संचालित जांच केंद्रों पर पॉजिटिव आए तथा होम आइसोलेशन में जाने वाले व्यक्तियों के लिए शुरू की गई है।

डीएम ने बताया कि जो पॉजिटिव व्यक्ति पूर्व से होम आइसोलेशन में रह रहे हैं, वैसे व्यक्तियों को कुरियर के माध्यम से उनके पते पर मेडिकल कीट भेजी जा रही है।

आइसोलेशन वार्ड का किया निरीक्षण

डीएम ने पाटलिपुत्र अशोक होटल में संचालित आइसोलेशन सेंटर का निरीक्षण किया। इस केंद्र पर 85 बेड हैं तथा सुदृढ़ संचालन के लिए प्रशासनिक पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में स्वास्थ्य कर्मी तैनात हैं। डीएम ने यहां भोजन तथा उसकी गुणवत्ता की भी जांच की। इसके साथ ही डीएम ने फुलवारीशरीफ स्थित बामेती आइसोलेशन केंद्र का दौरा कर वहां पर बेड की स्थिति, खानपान की व्यवस्था, कíमयों की उपस्थिति आदि की जांच की तथा चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था रखने का निर्देश दिया। इस केंद्र पर 66 बेड है।

होम आइसोलेशन वालों को दी सलाह

होम आइसोलेशन के दौरान क्या करें तथा क्या ना करें संबंधी तथ्यों से पॉजिटिव व्यक्तियों को अवगत कराया गया। उन्हें मास्क का प्रयोग करने नियमित अंतराल पर अपने हाथों को साबुन से धोने अथवा हैंड सैनिटाइजर का उपयोग करने को कहा गया। 10 दिनों तक उन्हें आइसोलेशन में किसी हवादार कमरे में अलग रहने तथा अगर संभव हो तो अलग टॉयलेट का उपयोग करने एवं 2 मीटर की सामाजिक दूरी कायम रखने का सुझाव दिया गया। उन्हें घर में सुरक्षित रहने तथा घर से बाहर नहीं निकलने तथा घर में अन्य व्यक्तियों से बिल्कुल अलग रहने एवं अपने द्वारा उपयोग किए गए सामग्रियों को दूसरों के साथ साझा नहीं करने का परामर्श दिया गया।