पटना (ब्यूरो)। ईद मनाने पहुंचे फुलवारीशरीफ के कर्बला ताज नगर स्थित घर में संडे की देर रात घर में इंजीनियर मो। जफीरउद्दीन (35) की प्रेशर कूकर से कूचकर हत्या कर दी गई। इस दौरान पत्नी और दो बच्चे भी घर में मौजूद थे। इंजीनियर का शव मंडे की सुबह ड्राइंग रूम में मिला। शव के पास हत्या में यूज कूकर भी बरामद हुआ। ड्राइंग रूम में काफी खून पसरा मिला। फुलवारीशरीफ थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी शहनाज परवीन का कहना है कि घर में घुसे दो चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने नशीला पदार्थ सूंघा कर बेहोश कर दिया था। हालांकि, पुलिस शहनाज के बयान से संतुष्ट नहीं है। थानाध्यक्ष एकरार अहमद ने बताया कि कई बिंदुओं पर जांच जारी है।

छोड़ दी थी खाड़ी देश की नौकरी
जफीरउद्दीन खाड़ी देश में नौकरी करते थे। कोरोना काल में वे भारत लौट आए और उत्तरप्रदेश के नोएडा की एक निजी कंपनी में काम करने लगे। वे मूलरूप से बिहार के लखीसराय जिले के निवासी थे। फुलवारीशरीफ के कर्बला ताज नगर में उनकी पत्नी शहनाज परवीन का मायका है। वहीं, उन्होंने तीन मंजिला मकान बना लिया। यह इलाका घनी आबादी वाला है।

फ्लाइट से आए थे पटना
जफीरउद्दीन के घर पहुंचने का रास्ता केवल तीन फीट का है। घर के अंदर प्रवेश करने का मात्र एक ही रास्ता है। उनके दो बेटे अबदुल्लाह (10) साल और अनस (4) हैं। रविवार दोपहर वे पत्नी और दोनों बेटों के साथ फ्लाइट से नई दिल्ली से पटना आए थे।

पत्नी बोलीं, हो गई थी बेहोश
शहनाज के मुताबिक, यहां आने पर पूरा घर अस्त-व्यस्त मिला। सामान सहेज कर रखने में काफी समय लग गया था। रात में एसी काम नहीं कर रहा था। उसे ठीक करने में साढ़े दस बज गए। थकावट के कारण सभी कमरे में सोने चले गए। रात तीन बजे के आसपास नींद खुली तो ड्राइंग रूम में पति के साथ दो चोर मारपीट करते दिखे। बीच-बचाव में उन्हें भी चोटें आईं। इसके बाद उन्हें नशीला पदार्थ सूंघा दिया गया और वह बेहोश हो गईं। सुबह आंख खुली तो पति का शव देखा। मेन गेट का दरवाजा खुला था। शहनाज ने अंदाजा लगाया कि थकावट की वजह से पति मेन गेट बंद करना भूल गए होंगे और चोर घर में दाखिल हो गए।

रात में पति-पत्नी में हुआ था विवाद
पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि रात में जफीरउद्दीन बेटे को लेकर ईद का बाजार घुमाने निकले थे। रात करीब साढ़े दस बजे लौटकर आए तो पत्नी के साथ उनका झगड़ा हुआ था। थानाध्यक्ष के मुताबिक, विवाद की वजह मिल चुकी है। कारणों का सत्यापन कराया जा रहा है। इसके लिए पत्नी समेत परिवार के दूसरे लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस को है शक
पटना के एसएसपी डा। मानवजीत सिंह ढिल्लो ने कहा कि जफीरउद्दीन की पत्नी शहनाज परवीन पर पुलिस को शक है। उससे पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारण का पता चल चुका है। हत्याकांड का जल्द पर्दाफाश कर दिया जाएगा।