PATNA: ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर मल्टी सिक्योरिटी प्लान तैयार किया गया है। इसमें रेल पुलिस न सिर्फ चोरी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए काम करेगी बल्कि महिला सुरक्षा को लेकर भी विशेष निगरानी करेगी। संदिग्ध लोगों को चिन्हित कर जेल भेजने के साथ रेल पुलिस द्वारा तैयार डोजियर पर भी काम किया जाएगा।

- बढ़ा दी गई जवानों की संख्या

ट्रेनों में सुरक्षा को लेकर जवानों की कमी थी। इससे आए दिन घटनाएं होती थी। बक्सर के साथ अन्य कई घटनाएं हो चुकी हैं जिसमें पुलिस वालों की भी जान गई है। ऐसे में अब रेल पुलिस अफसर प्लानिंग पर काम करते हुए अभियान चला रहे हैं। संख्या बल को देखते हुए दो गुनी फोर्स बढ़ा दी गई है।

- आधुनिक हथियार मिलेगा

रेल पुलिस का कहना है कि जवानों की संख्या बढ़ाने के साथ उन्हें आधुनिक हथियार भी दिया जाएगा। इससे न सिर्फ मारक क्षमता तेज होगी बल्कि बदमाशों को दबोचना भी आसान होगा। अब सभी ट्रेनों में आधा दर्जन जवानों को आधुनिक हथियारों के साथ लगाया जाएगा।

- बदमाशों को डिटेक्ट करेगी पुलिस टीम

ट्रेन में बदमाशों को डिटेक्ट करने के लिए पुलिस फोर्स खुफिया तंत्र का इस्तेमाल करेगी। जो डोजियर के हिसाब से भी पड़ताल करने के साथ गिरफ्तार भी करेगी। अधिकारियों का कहना है कि रेल से संबंधित हर छोटे बड़े अपराधी की सूची बना ली गई है और रेल थानों को दे दिया गया है।

बक्सर में हुई घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चौकसी बढ़ा दी गई है। जवानों की संख्या बढ़ाने के साथ उन्हें सुरक्षा के अहम टिप्स दिए जा रहे हैं। रेल पुलिस अब बदमाशों को चुनौती देने के लिए तैयार है।

- जितेंद्र मिश्रा, रेल एसपी