--कांके थाना क्षेत्र के कांके चौक के पास उपद्रवियों ने भाजयुमो कार्यकर्ता आशीष सिंह के घर और टिंबर में लगाई आग

--आशीष सिंह ने आग लगाने का आरोप कांग्रेस कार्यकर्ता अजय महतो सहित अज्ञात कई लोगों पर लगाया

रांची। सिटी के कांके थाना क्षेत्र के कांके चौक के पास रविवार की शाम अज्ञात उपद्रवियों ने भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के कार्यकर्ता आशीष सिंह के घर और टिंबर में आग लगा दी। आशीष सिंह द्वारा आग लगाने का आरोप कांग्रेस कार्यकर्ता अजय महतो सहित अज्ञात कई लोगों पर लगाया गया है। आग लगने के बाद मौके पर दमकल वाहन ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस के वरीय अधिकारी पहुंच कर मामले की छानबीन में जुटे हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि कांग्रेस नेता मदन महतो के ऊपर फरसा से जानलेवा हमला हुआ है, जिससे सिर में गंभीर चोट लगी है। सिर में कई टांके लगे हैं और अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दो गुटों में विवाद

जानकारी के अनुसार कांके में चौक के नाम को लेकर दो गुटों में विवाद हुआ। कांके में लक्ष्मण महतो की मूर्ति को लगाने को लेकर पिछले कई दिनों से दो गुटों में विवाद चल रहा था। रविवार की देर शाम एक पक्ष के लोगों ने आशीष सिंह के घर पर हमला बोल दिया और परिवार वालों के साथ मारपीट की। उसके बाद उन्हें घर से बाहर निकाल घर को आग के हवाले कर दिया। सही समय पर दमकल गाड़ी पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया। पीडि़त परिवार के द्वारा आग लगाने का आरोप कदमा निवासी मदन महतो, अजय महतो व अन्य 300-400 लोगों पर लगाया गया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता मदन महतो और बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता आशीष सिंह के बीच लक्ष्मण महतो की मूर्ति को लगाने को लेकर विवाद हुआ था।

पुलिस ने किया कैंप

जानकारी मिलते ही इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। उपद्रवियों को पुलिस ने खदेड़ दिया है। फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। रांची के सिटी एसपी सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं।