JAMSHEDPUR: जमशेदपुर की फिजाओं में छठ गीत बज रहे हैं। लोग भगवान सूर्य की उपासना का महापर्व छठ की तैयारी में जुट गए हैं। नहाय-खाय के साथ ही लौहनगरी छठ के रंग से रंगने को पूरी तरह तैयार है। छठ पूजा में महज तीन दिन शेष हैं। चार से सात नवंबर तक होने वाले छठ महापर्व को लेकर पूरी लौहनगरी में श्रद्धा व भक्ति की गंगा प्रवाहित होने लगी है। लोग अभी से ही सूप, दाउरा की खरीदारी में जुटे हुए हैं। इधर, तमाम ऐसे घाट जहां छठ पूजा होती है, उनमें से कई घाटों की साफ-सफाई पूरी कर ली गई है। लेकिन अभी भी घाटों तक पहुंचने वाले रास्ते ऊबड़-खाबड़ और असुरक्षित हैं। कहीं रास्ते पर कंकड़-पत्थर फैले हैं तो कहीं गंदगी छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का रास्ता रोकने को तैयार।

लोगों ने छेक लिया घाट

प्रशासन ने दावा किया था कि इस बार छठ घाटों को छेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी, लेकिन लोगों ने घाटों पर अपने लिए स्थान सुरक्षित करना शुरू कर दिया है। स्वर्णरेखा, दोमुहानी आदि घाटों पर तो लोगों ने बाकायदा पत्थर से लाइन बनाकर अपने लिए स्थान सुरक्षित कर लिया है। कहीं, झंडे गाड़ दिए गए हैं तो कहीं मेड़ बनाकर स्थान घेरा गया है। लोगों ने अधिकतर घाटों पर अलग-अलग तरह के उपाय करके अपने लिए स्थान सुरक्षित कर लिया है।

स्वर्णरेखा घाट की हो रही सफाई

स्वर्णरेखा घाट का अधिकांश स्थान लोगों ने मेड़ बनाकर व झंडे लगाकर घेर लिया है। लोगों ने अपने-अपने तरह से घाटों पर स्थान छेक लिया है। इस घाट पर अभी भी कई जगह पूजन सामग्री, मिट्टी के टूटे बर्तन, प्लास्टिक की थैलियां आदि पसरे हुए हैं। यहां नदी का पानी भी काफी गंदा दिखाई पड़ रहा है।

दोमुहानी घाट की सफाई में तेजी

इस घाट की साफ-सफाई में काफी तेजी आयी है। यहां पूजन सामग्री, प्लास्टिक के बैग आदि बिखरे पड़े हैं। हालांकि यहां जुस्को की ओर से आए लोग सफाई करते नजर आ रहे है। इसके बावजूद नदी का पानी दोनों गंदा नजर आ रहे हैं।

कदमा सती घाट की सफाई पूरी

कदमा स्थित सती घाट पर भी लोगों ने अपने लिए स्थान सुरक्षित कर लिया है। यहां जुस्को की ओर से आए कुछ लोग सफाई करते नजर आए। बहुत हद तक सफाई का काम पूरा हो चुका हैं। नदी के पानी में थोड़ी बहुत गंदगी दिखाई पड़ रही है।

छठ घाटों पर लगेंगे सीसीटीवी, ड्रोन से होगी निगरानी

छठ पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। बड़े और भीड़भाड़ वाले छठ घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे जो अराजक तत्वों पर निगाह रखेंगे। साथ ही शहर की निगरानी पांच ड्रोन कैमरे से की जाएगी। इसके अलावा, नगर निकाय के अधिकारियों और कंपनी के प्रतिनिधियों को चार नवंबर तक सभी छठ घाट हर हाल में साफ-सुथरे कर देने की हिदायत दी गई है।

छठ घाटों पर तैनात होंगे गोताखोर

छठ घाटों पर डेंजर जोन चिन्हित कर वहां लाल बॉल के निशान लगाए जाएंगे ताकि कोई भी श्रद्धालु स्नान व पूजा के दौरान उस क्षेत्र से दूर रहे। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को लाल बॉल के निशान लगाने को कहा गया है। साथ ही जुस्को ट्यूब और लाइफ बेल्ट जैकेट का भी इंतजाम करेगी। छठ घाटों और तालाबों के किनारे कुशल गोताखोर तैनात करने की जिम्मेदारी संबंधित थाना प्रभारियों को दी गई है। साथ ही घाटों पर पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। छठ पर्व पर शांति व्यवस्था कायम रखने को मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

क्ब् प्रमुख नदी घाटों पर जनरेटर

शहर के क्ब् प्रमुख नदी घाटों पर विद्युतीकरण, जेनरेटर, घाट और घाट तक जाने वाले मार्ग की मरम्मत का काम जुस्को को दिया गया है। जुस्को को यह काम चार नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, अन्य कंपनियों को संबंधित घाटों पर पेयजल, बिजली, चिकित्सा समेत संपूर्ण नागरिक सुविधा देने के लिए एसडीओ ने उनके प्रबंध निदेशकों को पत्र लिखा है। साथ ही ट्रैफिक डीएसपी को घाटों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा है।

यहां रहेगी एंबुलेंस की व्यवस्था

स्वर्णरेखा घाट साकची, मानगो, भुइंयाडीह व बालू घाट- मुख्य चिकित्सा अधिकारी।

कपाली व दो मुहानी घाट सोनारी- भारत सेवा श्रम

सती घाट कदमा व खरकई घाट बिष्टुपुर- रेड क्रास सोसाइटी

बड़ौदा घाट- राजस्थान सेवा सदन