जमशेदपुर (ब्यूरो): मानगो क्षेत्र इन दिनों अपराध और अपराधियों का अड्डा बनता जा रहा है। चोरी, छिनतई के साथ ही नशाखोरी और नशे काकारोबार भी क्षेत्र में काफी फल-फूल रहा है। इसका लगातार विरोध भी हो रहा है। इसी क्रम में आज उलीडीह बंद पड़े मिडिल स्कूल के पास रहनेवाली आदिवासी महिलाओं ने भाजपा नेता विकास सिंह के नेतृत्व में उलीडीह थाने के समक्ष प्रदर्शन किया।

महिलाओं ने बताया कि बंद पड़े विद्यालय में अवैध नशा के सामान की खुलेआम बिक्री होती है। यहां गांजा हीरोइन, चरस, ब्राउन शुगर और अवैध शराब के साथ-साथ डेली लॉटरी का भी धड़ल्ले से कारोबार हो रहा है। चौबीसों घंटे नशा खुरानी गिरोह के अपराधियों का अड्डा विद्यालय में लगा रहता है। ऐसे में महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।

घर से निकलना मुश्किल

महिलाओं ने बताया कि असमाजिक तत्व और नशेड़ी महिलाओं को देखकर गंदी-गंदी बातें करते हैं। अपशब्द के साथ ही फब्तियां भी कसते हैं। इस कारण महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। महिलाओं ने दबी जुबान में यहां तक कहा कि अंधेरा होने पर वहां लड़कियों का आना भी शुरू हो जाता है। कुल मिलाकर यह स्कूल अवैध धंधे का अड्ढा बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार थाने में इसकी शिकायत की गई, लेकिन पुलिस-प्रशासन के द्वारा केवल खानापूर्ति की जाती है। वैसे दो दिन पूर्व पुलिस मौके पर जाकर युवकों को गिरफ्तार करके लाई थी, लेकिन कुछ मिनटों के बाद ही युवकों को छोड़ दिया गया, जिससे उनका मनोबल और बढ़ गया है।

सडक़ पर उतरेंगे

महिलाओं ने कहा कि अब पानी सिर के ऊपर चला गया है और अगर प्रशासन ने सख्ती नहीं बरती तो अब महिलाओं की एकजुट होकर बेलना, कलछुल, छोलनी, डंडा लेकर सडक़ पर उतर के अपने और अपने परिवार की रक्षा करेंगी। थाना में हुए हंगामे के बाद थाने में मौजूद अधिकारियों ने महिलाओं को अपना मोबाइल नंबर देते हुए अवैध कारोबार की सूचना देने को कहा। पुलिस ने सभी को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं विकास सिंह ने कहा कि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो एसएसपी को मामले की जानकारी दी जाएगी और इसके बाद जानमाल की रक्षा के लोग सडक़ पर उतरेंगे।

इनकी रही मौजूदगी

प्रदर्शन करनेवालों में विजय सोय, बिरजू बास्के, सुनीता बास्के, सुषमा पूर्ति, सुमित्रा बालापोरिया, सुनीता सुंडी, शीतल सुंडी, रिंकी पूर्ति, मुक्ता उग्र सुंडी, संगीता गोप, संजना सुंडी, चंचल देवी आदि शामिल थीं।