-काफी प्रयास के बाद भी नहीं निकाल सके पैसा

-भागलपुर मुख्य मार्ग के हदहदिया पुल के समीप है बैंक

-पुलिस का सीसीटीवी के सहारे चोरों तक पहुंचने की कोशिश

दुमका : दो चोरों ने शनिवार की रात करीब 12 बजे भागलपुर मुख्य मार्ग स्थित हदहदिया पुल केसमीप बंधन बैंक का एटीएम काटने का प्रयास किया। करीब एक घंटे के अथक प्रयास के बाद भी वे एटीएम से पांच लाख रुपये नहीं निकाल सके। सुबह जानकारी मिलने के बाद पुलिस उपाधीक्षक अशोक सिंह व नगर थाना प्रभारी मनोज ठाकुर मौके पर पहुंचे और छानबीन की। बैंक के सीसीटीवी में दो युवकों को तोड़फोड़ करते देखा गया है। चोरों ने एटीएम के अंदर लगे कैमरे पर ग्रीस लगा दिया ताकि चेहरा पहचान में न आ सके। पुलिस इसी फुटेज के सहारे उन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

मकान मालिक ने देखा

रविवार को बैंक बंद रहता है। सुबह नौ बजे मकान मालिक अनुराग हिम्मतसिंह की नजर एटीएम के खुले गेट पर पड़ी तो उन्होंने देखा कि मशीन टूटी हुई है। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी बैंक के शाखा प्रबंधक ( बिक्री) जितेंद्र पंडित को दी। उनसे सूचना मिलने के बाद शाखा प्रबंधक अजीत कुमार झा मौके पर पहुंचे। इसके बाद नगर थाना के पुलिस निरीक्षक मनोज ठाकुर डीएसपी अशोक सिंह के साथ बैंक पहुंचे और छानबीन की।