रांची(ब्यूरो)। सिटी में ब्राउन शुगर की तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। रांची के युवाओं को ब्राउन शुगर की ऐसी लत लगी है कि दिनोंदिन इसकी डिमांड बढ़ती ही जा रही है। मौत के सौदागर युवाओं और नशे के शौकीनों को मौत के कुएं में धकेल रहे हैं। राजधानी रांची में दूसरे राज्य से ब्राउन शुगर की डिलीवरी हो रही है। सासाराम से ब्राउन शुगर की खेप रांची पहुंच रही है। इसका खुलासा बीते दिनों ब्राउन शुगर के साथ अरेस्ट हुई मॉडल ज्योति शर्मा ने पुलिस की पूछताछ में किया है। ज्योति ने कई राज उगले हैं जो पुलिस के लिए काफी काम के साबित हो सकते हैं।

चौंकानेवाले खुलासे

मॉडल ने बताया कि बिहार के सासाराम से ब्राउन शुगर रांची आता है। कांटाटोली स्थित बिरसा मुंडा बस टर्मिनल में इसकी डिलीवरी होती है, जिसके बाद डिमांड के अनुसार पैडलर इसे लोगों तक सप्लाई कर देते हैं। सासाराम के अलावा ओडि़शा के ब्राउन शुगर की भी रांची में काफी डिमांड है। इसकी सप्लाई के खेल में सिर्फ ज्योति अकेले नहीं है बल्कि, शैलेश उर्फ गांधी, रोहित उर्फ बिरनी, चंदन वर्मा समेत अन्य लोग भी शामिल हैं। पैडलर पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं, लेकिन बेल पर रिहा होने के बाद वे फिर से इसी धंधे में जुट जाते हैं। मॉडल ज्योति भी बीते साल नवंबर महीने में ब्राउन शुगर सप्लाई करते हुए गिरफ्तार हुई थी। लेकिन जमानत पर जेल से बाहर आते ही वह फिर इसी धंधे से जुड़ गई। मॉडल से मिली जानकारी के बाद पुलिस इस धंधे में शामिल दूसरे पैडलर्स को भी दबोचने में जुट गई है।

बस ड्राइवर भी है सेट

मॉडल ने पुलिस को बताया कि ब्राउन शुगर की तस्करी में बस ड्राइवर भी सेट रहते हैं। उनका अलग से कमिशन बंधा रहता है। स्टैंड पहुंचकर संबंधित व्यक्ति को इसकी डिलीवरी दे दी जाती है। रांची के छह ठिकानों सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में इरगू टोली, विद्यानगर पुल और शिव शक्ति नगर के अलावा लोअर बाजार, हिंद पीढ़ी, लालपुर, पुंदाग, डोरंडा, अरगोड़ा और बरियातू थाना क्षेत्र में इसकी सप्लाई कर दी जाती है। मॉडल ज्योति ने पुलिस को यह भी बताया कि सासाराम से नशे का सामान लाने में ज्यादा परेशानी नहीं होती, क्योंकि बस वाले को सेट करके रखा जाता है। वे सासाराम से ब्राउन शुगर बड़े एजेंट से लेते हैं और रांची में दे देते हैं। पुडिय़ा इतनी छोटी होती है कि किसी की नजर भी उसपर नहीं पड़ती और पुलिस भी कार्रवाई नहीं करती। इसलिए ना लाने वाले पकड़े जाते हैं और ना खरीदने वाले।

50 लाख का कारोबार

रांची में हर महीने करीब 50 लाख रुपए के ब्राउन शुगर का कारोबार हो रहा है। 25 ग्राम की पुडिय़ा करीब ढाई से तीन लाख रुपए में बिकती है। एक से पांच ग्राम की पुडिय़ा बनाकर उसकी बिक्री की जाती है। पैडलर्स को पांच सौ रुपए का प्रॉफिट दिया जाता है। नशे के सामान की डील भी फोन पर या ऑनलाइन ही तय रहती है। पुलिस के मुताबिक मॉडल ज्योति पहले कॉल पर लोगों से बात करती थी। कॉल पर सौदा तय होने के बाद ग्राहक को अपने घर बुलाती थी और ब्राउन शुगर बेचती थी। इसके अतिरिक्त गिरोह के सदस्य स्कूल-कॉलेज के बाहर स्टूडेंट्स को ब्राउन शुगर बेचा करते हैं। पुलिस की मानें तो एक केजी ब्राउन शुगर की कीमत करीब एक करोड़ तक होती है। पांच सौ से एक हजार रुपए में एक छोटी पुडिय़ा बेची जाती है।

कई ड्रग पैडलर्स की गिरफ्तारी हुई है। उनसे पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई भी की जा रही है।

-किशोर कौशल, एसएसपी, रांची