रांची (ब्यूरो) । प्रदेश कांग्रेस कमेटी से निलंबित किए जाने पर पार्टी के चारों नेताओं ने कार्रवाई पर काफी दु:ख व्यक्त किया है। नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कागज़ के पन्नों पर कलम की स्याही से भले ही छ: वर्षों के लिए पार्टी से निलंबित से निलंबित कर दिया हो लेकिन कांग्रेस पार्टी हमारे खून में है, हमारी रगों में है, हमारी नसों में है,हम कांग्रेस पार्टी में थे, कांग्रेस पार्टी में हैं और कांग्रेस पार्टी में ही रहेंगे।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ एवं डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने सोमवार को संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि सोनिया गांधी को अपशब्द कहकर पार्टी छोडऩे वाले लोग आज कांग्रेस के सिपाही को अनुशासन का पाठ पढ़ा रहे हैं.हम चारों का निलंबन पार्टी का फैसला नहीं है,यह फैसला एक व्यक्ति का है, कांग्रेस पार्टी हमेशा जोडऩे में विश्वास करती है।

मामला अध्यक्ष के पास

प्रदेश कांग्रेस कमिटी के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि हमारा मामला राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के पास है और उन्होंने अपने राजनीतिक सचिव सह राज्यसभा सांसद नासिर हुसैन को समाधान के लिए अधिकृत किया है,ऐसे में जब मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हो तो तानाशाही फैसला अपने व्यक्तिगत अहंकार को संतुष्ट करने के लिए लिया जाना पूरी तरह से गलत है। राजेश ठाकुर अपनी व्यक्तिगत नाराजगी को लेकर निलंबित किया है, कांग्रेस के इतिहास में प्रदेश अध्यक्ष की आलोचना आज कोई पहली घटना नहीं है, प्रदेश अध्यक्ष के कार्यशैली की आलोचना करना अगर निलंबन है तो यह निर्णय भी शिरोधार्य करता हूं। लेकिन हमारे मुद्दे आज भी प्रासंगिक हैं, राजेश ठाकुर के संबंध आरपीएन सिंह से हैं।

पार्टी की सेवा की

वरिष्ठ कांग्रेस नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कोरोना महामारी के समय राजेश ठाकुर कार्यकारी अध्यक्ष एवं गठबंधन सरकार में समन्वय समिति के सदस्य थे। अपने मित्रों के साथ घर में आराम कर रहे थे और हम लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर पार्टी की एवं जनता की सेवा की, ऐसे लोग पार्टी से बाहर हो रहे हैं जो अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि रायपुर अधिवेशन में जाने से रोकने के लिए एवं एआईसीसी मेम्बर के चुनाव प्रक्रिया में शामिल होने से वंचित रखने का प्रयास है निलंबन.किशोर शाहदेव ने कहा कि हम सबने 45 हजार नये सदस्यों को कांग्रेस पार्टी से जोड़ा है उनके पास जाकर हम अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कहा प्रदेश अध्यक्ष व्यक्तिगत दुश्मनी कर रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमिटी के वरिष्ठ नेता डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने कहा राजेश ठाकुर को पार्टी अध्यक्ष पद से हटाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिलने जाएंगे।