-नेशनल सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में बिहार व चंडीगढ़ ने अंक बांटे

रांची : सिमडेगा में चल रहे राष्ट्रीय सब जूनियर महिला चैंपियनशिप में झारखंड, हरियाणा व पंजाब की टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। लगातार दो जीत के साथ दिल्ली की टीम पहले ही क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है। शुक्रवार को झारखंड ने एकतरफा मुकाबले में महाराष्ट्र को 10-0, हरियाणा ने उत्तराखंड को 19-0 से तथा पंजाब ने मध्यप्रदेश को 6-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। चौथे मैच में चंडीगढ़ व बिहार को मुकाबला 2-2 से ड्रा रहा।

झारखंड बनाम महाराष्ट्र

इस मैच को लेकर दर्शकों में गजब का उत्साह देखा गया। मैच शुरू होने के पहले ही स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भर गया था। मेजबान टीम का हौसला बढ़ाने के लिए सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा कोलेबिरा के विधायक बिक्सल कोंगड़ी, पूर्व विधायक विमला प्रधान, सिमडेगा के उपायुक्त सुशांत गौरव भी स्टेडियम में मौजूद थे। मैच समाप्त होने के बाद सभी ने झारखंड की टीम को बधाई दी। झारखंड की ओर से फूलमनी भेंगरा ने तीन, पूर्णिमा ने दो, मेनीराली कुजुर, स्वीटी डुंगडुंग, इडलिन बागे, बिनीमा धान व अनुप्रिया सोरेंग ने 1-1 गोल किए। झारखंड की टीम ने तेज शुरुआत करते हुए मैच के दूसरे मिनट में बढ़त हासिल कर ली। यह गोल फूलमनी भेंगरा ने दागा। 13वें मिनट में फूलमनी ने एकबार फिर पेनाल्टी कॉर्नर से गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। 23वें मिनट में पूर्णिमा बारवा ने शानदार मैदानी गोल कर टीम को 3-0 से आगे कर दिया। इसके अलगे पांच मिनट में झारखंड ने तीन गोल दाग अपनी बढ़त 6-0 कर ली। 24वें मिनट में निराली कुजूर, 25वें मिनट में स्वीटी डुंगडुंग, 28वें मिनट में एडलिन बागे ने गोल दागा। 38वें मिनट में फुलमनी भेंगरा ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में तब्दील कर अपना तीसरा व टीम के लिए सातवां (7-0) गोल दागा। इस गोल के कुछ सेकेंड बाद ही (38वें मिनट) ही बिनिमा धान ने महाराष्ट्र की रक्षा पंक्ति को भेदते हुए शानदार मैदानी गोल कर टीम को 8-0 से आगे कर दिया। 42वें मिनट में पूर्णिमा बारवा व 59वें मिनट में अनुप्रिया सोरेंग ने मैदानी गोल कर टीम को अजेय बढ़त (10-0) दिला दी।

हरियाणा बनाम उत्तराखंड

यह मैच पूरी तरह एकतरफा रहा। हरियाणा के सामने उत्तराखंड की टीम मैच में पूरी तरह दबी नजर आई। हरियाणा की जीत की नायिका तमन्ना यादव रहीं। उन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम के लिए पांच गोल दागे, जबकि भतेरी ने तीन और सेजल ने दो गोल किए। हरियाणा ने तेज शुरुआत करते हुए मैच के चौथे मिनट में बढ़त हासिल कर ली, यह गोल मनीषा ने दागा। 12वें मिनट में मनीषा ने टीम के लिए दूसरा गोल किया। इसके अगले 15 मिनटों में हरियाणा ने आठ गोल दाग उत्तराखंड को पूरी चरह चित कर दिया। 15वें मिनट में सावी ने टीम के लिए तीसरा गोल दागा। 17वें मिनट में सेजल ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर टीम की बढ़त 4-0 कर दी। 18वें मिनट में तमन्ना यादव ने अपना दूसरा और टीम के लिए पांचवा गोल दागा। कनिका ने मैच के 19वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदल टीम को 6-0 से आगे कर दिया। 19वें मिनट में एक बार फिर तमन्ना यादव ने शानदार मैदानी गोल दाग टीम को 7-0 की बढ़त दिला दी। 23वें मिनट में साक्षी राणा ने गोल किया जबकि 27वें में और 28वें मिनट में भतेरी ने लगातार दो गोल कर टीम की बढ़त 10-0 कर दी। 35वें मिनट में तमन्ना यादव ने अपना चौथा और टीम के लिए 11वां गोल (11-0) किया। इसके बाद कनिका ने 40वें में और 48 वें में मिनट में गोल कर टीम की बढ़त 12-0 कर दी। 50वें मिनट में भतेरी, 51वें मिनट में तमन्ना यादव, 53वें मिनट में सेजल ने शानदार मैदानी गोल (13-0) किया। इसके कुछ क्षण बाद ही सेजल ने एक बार फिर उत्तराखंड की रक्षा पंक्ति को भेदते हुए शानदार मैदानी गोल किया। इसके बाद 58वें मिनट में सावी और मैच के अंतिम क्षणों में साक्षी राणा ने गोल टीम को जीत दिला दी।

बिहार बनाम चंडीगढ़

ग्रुप डी के इस मैच में बिहार की टीम 2-0 की बढ़त लेने के बावजूद जीत हासिल नहीं कर सकी। पहले हाफ में जहां बिहार की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया वहीं तीसरे व चौथे क्वार्टर में चंडीगढ़ की टीम छाई रही। मैच के 15वें मिनट में बिहार की श्यामा कुमारी ने मैदानी गोल कर टीम का खाता खोला जबकि 35वें मिनट में शांति कुमारी ने गोलकर बिहार को 2-0 से आगे कर दिया। दो गोल से पिछड़ने के बाद चंडीगढ़ के खिलाडि़यों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए बिहार के गोल पर दबाव बनाना शुरू किया और इसका लाभ भी उन्हें मिला। मैच के 50 मिनट में वेदंगी व्यास ने चंडीगढ़ के लिए पहला गोल किया जबकि 58वें मिनट में अमृत कौर ने मैदानी गोल कर टीम को 2-2 की बराबरी पर ला खड़ा किया। इसके बाद कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।

पंजाब बनाम मध्य प्रदेश

पंजाब की टीम ने एक बार फिर शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश को 6-1 से हरा कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। पंजाब की ओर से गुरजीत कौर ने तीन और कप्तान सुखबीर कौर ने दो गोल दागे। पंजाब में तेज शुरुआत करते हुए मैच के पहले ही मिनट में गोल कर मध्य प्रदेश को सकते में डाल दिया। यह गोल कप्तान सुखबीर कौर ने एकल प्रयास से दागा। 9वें मिनट में सुखबीर को मध्यप्रदेश की रक्षा पंक्ति के खिलाडि़यों ने डी एरिया में गलत तरीके से रोका। बदले में पंजाब को पेनाल्टी स्ट्रोक दिया गया। सुखबीर ने गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। इस गोल के तुरंत बाद ही मध्य प्रदेश की कृतिका ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर बढ़त को (2-1) कम किया। 23वें मिनट और 46वें मिनट में पंजाब की गुरजीत कौर ने लगातार दो गोल कर टीम को 4-1 से आगे कर दिया। 47वें मिनट में पंजाब की जयसकेदीप सिंह ने और 51वें मिनट में गुरजीत कौर ने गोलकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।