रांची(ब्यूरो)। अपराध की दुनिया में अब महिलाएं भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने लगी हैं। पुरुष अपराधियों के जेल जाने के बाद रंगदारी और फिरौती का धंधा महिलाओं ने ही संभाल रखा है। राजधानी रांची में क्राइम को अंजाम देने वाले कई कुख्यात इन दिनों जेल की सलाखों के पीछे हैं। फिर भी राजधानी में क्राइम कंट्रोल नहीं हो रहा है। जेल में रहने के बाद भी अपराधियों द्वारा अपराध को अंजाम दिया जा रहा है। रंगदारी मांगने का सिलसिला बंद नहीं हुआ है। दरअसल उनके बाद उनकी पत्नियों या गर्लफ्रेंड ने क्राइम का कारोबार संभाल लिया है। राजधानी में अपराध की दुनिया में तेजी से महिलाओं की संख्या बढ़ रही है। ड्रग्स के धंधे में महिलाएं पहले से ही एक्टिव हैं। ड्रग्स की सप्लाई से लेकर इसकी डिलीवरी तक के काम में महिलाएं अच्छी-खासी भागीदारी दे रही हैं। हाल ही में कई ऐसे मामले सामने आए हैं जिसमें ड्रग्स सप्लाई में महिलाओं की संलिप्तता पाई गई। कुछ महिलाओं को गिरफ्तार भी किया गया है। लेकिन अब रंगदारी जैसे मामलों में भी महिलाओं की भूमिका सामने आने लगी है।

एक महिला अरेस्ट

कुछ दिनों पहले ही रंगदारी मांगने के मामले में रांची पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। हिंदपीढ़ी की रहने वाली नेहा नाम की इस महिला ने दवा कारोबारी से 25 लाख रुपए की रंगदारी की डिमांड की थी। नेहा अपने एक पुरुष दोस्त की मदद से दवा कारोबारी को व्हाट््सएप कॉल के जरिए रंगदारी की मांग की। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि यह पहला मामला नहीं है। नेहा इससे पहले भी करीब आधा दर्जन कारोबारियों से रंगदारी की डिमांड कर चुकी है। जिन लोगों से रंगदारी की मांग की गई, उनमें सबसे बड़ा नाम दवा कारोबारी मो मिनहाजुद्दीन का है। मोहम्मद मिनहाजुद्दीन आजाद हिंद फार्मा के मालिक हैं। इनसे नेहा और उसके सहयोगी ने 25 लाख रुपए रंगदारी मांगी थी। नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

ब्वायफ्रेंड जेल में गर्लफ्रेंड ने संभाला काला धंधा

रंगदारी मामले में रिपार्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जब इसकी छानबीन की तो कई बातों का खुलासा हुआ। मोबाइल के ईएमआई नंबर के जरिए नेहा की पहचान हुई है। नेहा कुख्यात अपराधी छोटू खान की गर्लफ्रेंड है। छोटू खान फिलहाल रांची के बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में बंद है। उसकी गैरमौजूदगी में नेहा ने ही क्राइम का धंधा संभाल रखा था। नेहा को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने स्पेशल टीम का गठन किया। साइबर सेल और टेक्निकल सेल के साथ पुलिस ने पूरे मामले की जांच-पड़ताल की। ठोस प्रमाण मिलने के बाद महिला थाने की टीम के साथ रांची पुलिस ने नेहा को धर दबोचा। पूछताछ में नेहा ने खुद पुलिस को यह बयान दिया है कि वह छोटू खान के इशारे पर यह काम करती थी। किसे धमकाना है, और किससे कितनी रंगदारी मांगनी है, इन सब बातों की जानकारी छोटू खान ही उसे दिया करता था।

ज्यादा पैसे कमाने का लालच

क्राइम ब्यूरो के रिकॉर्ड के मुताबिक, रांची में नक्सली संगठन या अपराधकर्मी डकैती व लूटकांड, रंगदारी, फिरौती मांगने में भी लड़कियों का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं। गिरोह में ये लड़कियां रेकी वगैरह का काम कर रही हैं। लड़की होने का फायदा उठाते हुए ये किसी के घर में आराम से घुस जाती हैं या बाहर से भी नजर रख सकती हैं। इन पर लोगों को शक भी नहीं जाता। इन दिनों ड्रग्स की सप्लाई में सबसे ज्यादा लड़कियों का यूज हो रहा है। लड़कियां भी कम समय में ज्यादा पैसे कमाने के लालच में इस दलदल में फंसती जा रही हैं।

सुजीत सिन्हा की गर्लफ्रेंड भी लेडी डॉन

आपराधिक गिरोह महिलाओं या लड़कियों का इस्तेमाल व्यवसायी को फंसाने के लिए करते हैं। इसके लिए ये लोग लड़कियों को प्यार के जाल में फंसाते हैं, इसके बाद अपराध के लिए दबाव डालते हैं। लड़कियां भी पैसे के लालच में अपने क्रिमिनल्स प्रेमी का साथ देने के लिए तैयार हो जाती हैं। छोटू से पहले गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की गर्लफ्रेड प्रियंका उर्फ खुशबू भी लेडी डॉन बनकर सामने आ चुकी है। ब्वायफ्रेंड सुजीत के जेल जाने के बाद प्रियंका ने ही आपराधिक साम्राच्य संभाल रखा था। वह सुजीत सिन्हा गिरोह में सेकेंड इन चीफ का पद भी संभाल रही थी। रांची के बड़े कारोबारियों और बिल्डर्स से रंगदारी मांगने का धंधा इसी की देखरेख में हो रहा था।

25 लाख रुपए रंगदारी मांगने के मामले में स्पेशल टीम ने महिला अपराधी नेहा सोनी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। सभी से पूछताछ की जा रही है।

-किशोर कौशल, एसएसपी, रांची