रांची (ब्यूरो)। अब झारखंड से दूसरे शहरों में जाना हो तो फ्लाइट पकडऩे के लिए रांची आने की जरूरत नहीं होगी। जी हां, लोगों के घर के नजदीक से ही उनको फ्लाइट मिलेगी। इस साल के जून महीने से बोकारो एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होगी, दुमका एयरपोर्ट का काम भी लगभग 95 परसेंट हो चुका है। जमशेदपुर एयरपोर्ट का काम भी बहुत कम ही बचा हुआ है। इस साल तीनों नए एयरपोर्ट से उड़ान शुरू हो जाएगी। उड़ान शुरू होने से इन एयरपोर्ट के आसपास के जिले के लोगों को फ्लाइट पकडऩे के लिए रांची आने की जरूरत नहीं होगी।

फिलहाल रांची-देवघर से उड़ान

रांची और देवघर एयरपोर्ट से हवाई यात्रा का लाभ अभी लोग उठा रहे हैं। बोकारो, दुमका और जमशेदपुर में भी एयरपोर्ट बनकर तैयार हो चुका है। बोकारो और दुमका से उड़ान शुरू करने के लिए लाइसेंस की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इन जगहों से उड़ान योजना के तहत पटना और कोलकाता के लिए दो कंपनियां सेवाएं देंगी। स्पाइस जेट व इंडिगो को उड़ान के लिए स्लॉट दे दिया गया है। एयरपोर्ट को लाइसेंस मिलते ही इन उड़ान कंपनियों के टाइम-टेबल जारी कर दिए जाएंगे।

देवघर में शुरू होगी नाइट लैंडिंग

देवघर एयरपोर्ट में कई नई सुविधाएं शुरू होने वाली हैं। एयरपोर्ट में डीवीओआर वेरी हाई फ ्रीक्वेंसी ओमनी रेज डाप्लर रडार लगाने का काम पूरा हो चुका है। डीवीओआर चालू होने की संभावना है। इससे देवघर एयरपोर्ट में नाइट लैंडिंग की सुविधा शुरू हो जाएगी। साथ ही इस साल देवघर एयरपोर्ट से रांची, पटना, बेंगलुरु और मुंबई के लिए हवाई सेवा चालू करने की योजना है।

जून से बोकारो एयरपोर्ट

जून महीने से बोकारो एयरपोर्ट भी पूरी तरह से ऑपरेशनल हो जाएगा। यहां से पहली फ्लाइट कोलकाता के लिए शुरू होगी। इसके बाद पटना, बोकारो फ्लाइट शुरू करने की योजना है। एयरपोर्ट से यात्रियों की डिमांड पर बेंगलुरु और दिल्ली के लिए फ्लाइट पर बात हो रही है। इस एयरपोर्ट के शुरू होने से बोकारो, धनबाद, गिरिडीह जैसे शहरों से जो लोग फ्लाइट लेने रांची आते थे, वो इस एयरपोर्ट से ही जा सकेंगे।

सेल ने डेवलप किया एयरपोर्ट

इसी तरह बोकारो स्थित एयरपोर्ट को सेल ने विकसित किया है। लेकिन यहां से फि लहाल कॉमर्शियल उड़ानें नहीं हैं। यहां सेल ने कॉमर्शियल उड़ानों के लिए आवश्यक तमाम सुविधाएं उपलब्ध करा दी है। यहां एटीसी टावर, रनवे, फ ायर फ ाइटिंग, पैसेंजर लॉबी, मेन गेट सहित अन्य संरचनाओं का काम पूरा हो चुका है। डीजीसीए से लाइसेंस के लिए आवेदन किया जा चुका है। उड़ान सेवाएं शुरू करने के लिए सेल और डीजीसीए के बीच एमओयू जल्द होने की उम्मीद है। एलायंस एयर और स्पाइस जेट ने यहां से उड़ान सेवाएं शुरू करने पर सहमति जताई है।

टाटा का है जमशेदपुर एयरपोर्ट

जमशेदपुर यानी टाटानगर का सोनारी स्थित एयरपोर्ट टाटा स्टील द्वारा विकसित किया गया है। यहां रनवे छोटा होने समेत कुछ अन्य तकनीकी कमियों की वजह से बड़े विमानों का परिचालन नहीं हो पाता है। फि लहाल डीजीसीए की अनुमति लेकर यहां से कोलकाता और भुवनेश्वर तक के लिए छोटे विमानों की उड़ान सेवा शुरू कराने की प्रक्रिया चल रही है। इंडिया वन एयर नामक कंपनी ने नौ सीट प्लेन की उड़ान सेवा शुरू करने पर सहमति जताई है।

उड़े देश का आम नागरिक

बोकारो और जमशेदपुर में एयरपोर्ट पहले से हैं, लेकिन यहां से कॉमर्शियल और नियमित उड़ान की सेवाएं और सहूलियतें उपलब्ध नहीं हैं। झारखंड की उपराजधानी दुमका में नए एयरपोर्ट का निर्माण अंतिम चरण में है। भारत सरकार की योजना उड़ान उड़े देश का आम नागरिक के तहत इन तीनों एयरपोर्ट पर रेगुलर एयर कनेक्टिविटी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इन जिलों के लोग यहां से लेंगे फ्लाइट

बोकारो एयरपोर्ट - धनबाद, बोकारो, गिरिडीह

दुमका एयरपोर्ट -दुमका, साहेबगंज, राजमहल

जमशेदपुर - जमशेदपुर, सरायकेला, चाईबासा