रांची (ब्यूरो)। राजधानी रांची में भी इंदौर की तर्ज पर नाइट मार्केट लगाया जाएगा। रांची नगर निगम इंतजार कर रहा है जयपाल सिंह स्टेडियम के कंप्लीट होने का। स्टेडियम तैयार होने के बाद उसके सामने नाइट मार्केट की शुरुआत होगी। इसके लिए रांची नगर निगम की ओर से तैयारी भी शुरू कर दी गई है। रांची के डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने बताया कि नाइट मार्केट शहर की शान होती है, इससे रोजगार के साथ-साथ शहर की सुंदरता भी बढ़ती है।

स्ट्रीट वेंडर को दी जाएगी जगह

नाइट मार्केट में दुकान लगाने के लिए स्ट्रीट वेंडर्स को जगह दी जाएगी। स्ट्रीट वेंडर यहां पर झारखंडी खानपान के अलावा कई फेवरेट डिश भी रात में बनाएंगे, जहां लोग खाने-पीने का आनंद लेंगे। इसके अलावा यहां जरूरत की कई ऐसी चीजें भी उपलब्ध होंगी, जिसकी खरीदारी होगी। रांची नगर निगम यहां बनने वाले नाइट मार्केट में सेल्फी प्वाइंट का भी निर्माण करेगा। इसके साथ ही मार्केट का रूप देने के लिए पूरे मार्केट में आकर्षक लाइट लगाई जाएगी। रात में पेरेंट्स अपने बच्चों को इस नाइट मार्केट में लेकर आएं, इसके लिए वहां पर बच्चों के खेलने की भी कई तरह की चीजें तैयार की जाएंगी।

नाइट मार्केट खत्म, दुकान भी खत्म

रांची नगर निगम की ओर से नाइट मार्केट लगाने के लिए अस्थायी दुकान ही बनाया जाएगा। स्थायी दुकान लगाने की अनुमति यहां नहीं मिलेगा। नाइट मार्केट में दुकानदार रोज शाम यहां अपनी मूवेबल दुकान लगा सकेंगे, जब बाजार बंद होगा तो अपनी दुकान मार्केट से हटाकर अपने साथ ले जाना होगा। रांची नगर निगम ऐसा इसलिए कर रहा है, ताकि लोग यहां अतिक्रमण न करें। लोग खाली जगह देखकर अतिक्रमण कर लेते हैं। रांची में ऐसी कई जगह है, जहां लोग बिना नगर निगम की अनुमति से ही अस्थायी तौर पर दुकान लगा चुके हैं। रांची नगर निगम द्वारा इनके अतिक्रमण को हटाया भी जाता है लेकिन दोबारा वहांदुकानें लगा दी जाती हैं।

रात में ही होगी सफाई

जहां पर नाइट मार्केट लगाया जाएगा, वहां सभी दुकानदारों को डस्टबिन भी लगाना होगा। इसके बावजूद अगर वहां पर कोई किसी भी तरह का कचरा फेंकता है, तो उसकी सफाई रांची नगर निगम की टीम रात में ही करेगी, जब नाइट मार्केट बंद हो जाएगा। इस नाइट मार्केट वाली जगह पर गंदगी नहीं हो, इसके लिए रांची नगर निगम के सफाई अभियान की टीम पहले से ही वहां मौजूद रहेगी। रात में दुकानें बंद होती हैं, पहले पूरी जगह को साफ किया जाएगा, ताकि सुबह में वहां किसी भी तरह की गंदगी देखने को न मिले।

पहले भी हुई थी कोशिश

रांची में नाइट मार्केट की पहल एक बार और हो चुकी है। रांची के सांसद संजय सेठ की पहल पर रांची के बड़ा तालाब के पास शनिवार और रविवार को नाइट मार्केट की शुरुआत की गई थी। शुरुआत में जितने दिन भी नाइट मार्केट लगा, वहां पूरी रौनक रही। शहर की बड़ी आबादी नाइट मार्केट देखने के लिए पहुंच रही थी। लोगों ने वहां खूब इंजॉय भी किया, लेकिन धीरे-धीरे इसका क्रेज कम हो गया, क्योंकि यह रोजाना नहीं था। इस वजह से बड़ा तालाब नाइट मार्केट को बंद कर देना पड़ा।

6 बजे से ही सजने लगेंगी दुकानें

नाइट मार्केट में शाम के 6 बजे से ही अस्थायी दुकानें सजने लगेंगी, जो रात के 12 बजे तक खुली रहेंगी। बहुत सारे लोग हैं, जिनको दिन में समय नहीं मिलता है, उनके लिए नाइट मार्केट एक बेहतरीन आउटिंग साबित होगा। वहां जरूरत के कई सामान मिलेंगे, जिसे लोग खरीद भी सकते हैं। जो लोग दिन में ऑफिस में काम करते हैं और अपने बच्चों को बाहर घुमाने नहीं ले जा पाते, उनके लिए नाइट मार्केट आउटिंग का एक अच्छा जरिया बनेगा।