कच्छा-बनियान गिरोह ने दिया घटना को अंजाम, दो हिरासत में

- हथियार के बल पर एक घंटे तक डकैतों ने घर में किया तांडव

PATNA

राजधानी में बेखौफ हो चुके अपराधी खुलेआम लूट और डकैती की घटना को अंजाम दे रहे हैं। बदमाशों ने एक बार फिर फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के वृंदावन कॉलोनी में शनिवार की देर रात लोको पायलट के घर डाका डाला। बदमाश बच्चों का हाथ-पैर बांध घर से लाखों रुपए का सामान लेकर आराम से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

पुलिस को जैसे ही इसकी सूचना मिली तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पीडि़त परिवार का बयान दर्ज किया। शुरुआती जांच में ये सामने आ रहा है कि कच्छा बनियान गिरोह इस डकैती में शामिल है। मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

पांच लाख रुपए की संपत्ति लेकर भागे डकैत

पीडि़त परिवार के अनुसार रात में करीब सात लोग हथियार के साथ घर में घुसे थे। इसके बाद उन लोगों ने गृह स्वामी लोको पायलट की पत्‍‌नी और भतीजे को बंधक बना लिया। डकैतों ने करीब पांच लाख रुपए की संपति पार कर दी। इस दौरान परिवार के सदस्यों से मारपीट भी की गई। पीडि़त परिवार ने रविवार की सुबह फुलवारीशरीफ थाने में डकैती का मामला दर्ज कराया है। मामले में पुलिस ने दो संदिग्ध को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।

घटना के वक्त ड्यूटी पर थे लोको पायलट

फुलवारी शरीफ की वृंदावन कॉलोनी में लोको पायलट रवि नंदन कुमार रहते हैं। रवि नंदन वर्धमान में कार्यरत हैं औऱ घटना के समय वो ड्यूटी पर तैनात थे। जबकि उनकी पत्‍‌नी राखी देवी एम्स पटना में काम करती हैं। इसी का डकैतों ने फायदा उठाया और इसके बाद उन लोगों ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस को ये आशंका है कि डकैतों ने घटना से पहले घर की रेकी की है। इसके बाद उन लोगों ने प्लानिंग के तहत घटना को अंजाम दिया।

नाक और कान से गहने छीने

लोको पायलट की पत्नी राखी ने बताया कि रात करीब तीन बजे अचानक घर के दरवाजे तोड़ने की आवाज आने लगी। जबतक हम हम कुछ समझ पाते पहले फ्लोर पर करीब 7 की संख्या में कच्छा-बनियान पहने लोग कमरे के अंदर घुस गए। राखी ने बताया कि पहले फ्लोर पर आने से पहले उनलोगों ने नीचे ग्रील का ताला तोड़ा। ऊपर आते ही घर की आलमारी से कपड़े निकालकर राखी और उनके भतीजे का हाथ-पैर बांध दिए। इस दौरान राखी के कान और गले में पहने जेवर खींच कर निकाल लिए।

- हाथ बांध कंबल से ढक दिया चेहरा

राखी ने बताया कि जब वो लोग मेरे गले से गहने छिनने लगे तो मैंने उनसे कहा कि मैं सब दे दूंगी। आप लोग शांत रहे। इसके बाद वो लोग हम सभी लोगों को एक कमरे में ले गए। वहां पर पहले बच्चों का हाथ-पैर बांधा। फिर मेरा हाथ बांध दिए। इसके बाद वो लोग एक कमरे में ले गए। वहां पर हम लोगों को बंद कर दिया। उपर से कंबल डाल दिया। इस दौरान घर को एक घंटे तक खंगालकर करीब 70 हजार रुपए कैश और सोने-चांदी के आभूषण लेकर गायब हो गए।

10 मिनट बाद पति को किया फोन

पीडि़ता काफी डरी हुई थी। डकैतों के चले जाने के करीब 10 मिनट बाद उसने अपने पति को फोनकर इसकी सूचना दी। पीडि़ता का आरोप है कि उसके घर से करीब पांच लाख रुपए की संपत्ति बदमाश लेकर गए हैं। पुलिस को जानकारी मिलते ही मौके पर एफएसएल व डॉग स्क्वायड की टीम पहुंच गई थी।

- मिलने आए सांसद से बोली पीडि़ता, पटना में अकेले रहने की हिम्मत नहीं

डकैती की जानकारी मिलते ही पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव पीडि़त के घर पहुंच गए। सासंद को देखते ही राखी फफक कर रोने लगी। उन्होंने सांसद से पति के पटना ट्रांसफर करने की फरियाद करने लगी। राखी ने कहा कि अब पटना में अकेले रहने की हिम्मत नहीं रह गई है। हम दहशत में हैं। पति का तबादला पटना करा दें।

Posted By: Inextlive