अमरनाथ यात्रा की शुरुआत होने में बस एक दिन बचा है। तीर्थयात्रियों का पहला जत्था श्रीनगर के उधमपुर पहुंच चुका है। कल यह तीर्थयात्री यात्रा के लिए रवाना हो जाएंगे।

उधमपुर (एएनआई)। अमरनाथ यात्रा शुरु होने में सिर्फ एक दिन बाकी है। ऐसे में तीर्थयात्रियों का पहला जत्था बुधवार सुबह उधमपुर पहुंच गया। स्थानीय लोगों, पंचायती राज संस्थाओं के सदस्यों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। सेना और स्थानीय पुलिस के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज जम्मू से यात्रा शुरू हुई।

सुरक्षा के समुचित इंतजाम
इस अवसर पर जिला विकास परिषद के अध्यक्ष लाल चंद के साथ-साथ उपायुक्त उधमपुर कृतिका ज्योत्सना (आईएएस) ने स्थानीय लोगों के साथ तीर्थयात्रियों का स्वागत किया और श्री अमरनाथ जी यात्रा की ओर प्रस्थान किया। डीसी उधमपुर ने कहा कि तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षा के समुचित इंतजाम किए गए हैं।

तीर्थयात्री हैं काफी खुश
तीर्थयात्री दो साल के अंतराल के बाद 30 जून से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा से पहले मंगलवार देर रात जम्मू पहुंचे। एक तीर्थयात्री ने एएनआई को बताया, "हम बाबा भोलेनाथ की पूजा करने के लिए दो साल से इंतजार कर रहे थे। ऐसा होते देखकर हम बहुत खुश हैं।" जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने मंगलवार रात जम्मू बेस कैंप से अमरनाथ यात्रा तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे से मुलाकात की।

दो साल बाद शुरु हो रही यात्रा
हिमालय के ऊपरी भाग में स्थित भगवान शिव के 3,880 मीटर ऊंचे गुफा मंदिर के लिए अमरनाथ तीर्थ यात्रा पहलगाम और बालटाल के मार्गों से आयोजित की जाती है। जम्मू और कश्मीर सरकार ने अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के सदस्यों के साथ चर्चा के बाद 2020 और 2021 में मौजूदा COVID-19 स्थिति के कारण वार्षिक अमरनाथ यात्रा रद्द कर दी थी। अब दो साल बाद यह यात्रा फिर शुरु हो रही है।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari