-शाहनवाज और सहनी के नामांकन से लौटते समय मीडिया को दिया जवाब

PATNA: कैबिनेट विस्तार पर बीजेपी और जेडीयू के बीच सहमति बन गई है। मंडे को सीएम नीतीश कुमार से जब इसे लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कैबिनेट विस्तार जल्द होगा। उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ नेता इस मौके पर मौजूद थे। विधान परिषद की दो सीटों के लिए होने वाले उप चुनाव को ले भाजपा के शाहनवाज हुसैन और विकासशील इंसान पार्टी के मुकेश सहनी के नामांकन में पहुंचे नीतीश कुमार जब लौट रहे थे तो पत्रकारों ने उनसे मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में पूछा। मुस्कुराते हुए सीएम ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार जल्द हो जाएगा। संडे को देर शाम से ही यह चर्चा शुरू हो गई थी कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भाजपा और जदयू के बीच सहमति बन गई है। उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने मुख्यमंत्री आवास जाकर मुख्यमंत्री ले भेंट की थी। यह बात चर्चा में थी कि भाजपा ने अपने संभावित मंत्रियों की सूची मुख्यमंत्री को सौंप दी है।

पहले सवाल पर जताई थी हैरानी

सरकार के गठन के बाद यह पहला मौका है जब सीएम ने कैबिनेट विस्तार को लेकर यह कहा है कि अब यह जल्द हो जाएगा। पूर्व में जब उनसे मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में सवाल किया गया था तब उन्होंने यह कहा था कि बीजेपी से कोई लिस्ट ही नहीं मिली है, इसलिए कैबिनेट विस्तार में देरी हो रही है। उन्होंने हैरानी भी जताई थी कि कैबिनेट विस्तार को लेकर पहली बार इस तरह देर हो रही है।

Posted By: Inextlive